काम में लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त, “फाइलों से ज्यादा जमीन पर दिखे काम” — निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार के सख्त निर्देश

---Advertisement---

जबलपुर। शहरवासियों को बेहतर, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नगर निगम आयुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने सोमवार को निगम के सभी विभागीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक लेकर जलापूर्ति, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था एवं फायर सेफ्टी की तैयारियों का विस्तृत जायजा लिया। बैठक में निगमायुक्त ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि “फाइलों से ज्यादा काम जमीन पर दिखना चाहिए।” उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नागरिक सुविधाओं से जुड़े प्रत्येक कार्य का असर सीधे जनता तक दिखाई देना चाहिए।

निगमायुक्त ने कहा कि शहर की व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा प्रतिदिन सुबह और शाम फील्ड में उपस्थित रहकर अपने-अपने क्षेत्रों का निरीक्षण करें। उन्होंने कहा कि कार्यालय में बैठकर केवल समीक्षा करने से नहीं, बल्कि मौके पर जाकर समस्याओं का समाधान करने से व्यवस्थाओं में वास्तविक सुधार आएगा।

बैठक में जलापूर्ति व्यवस्था की समीक्षा करते हुए निगमायुक्त ने प्रत्येक घर तक निर्बाध एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही पाइपलाइन लीकेज, जलापूर्ति में बाधा और अन्य शिकायतों का तत्काल निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।

स्वच्छता व्यवस्था को लेकर उन्होंने सभी वार्डों एवं प्रमुख मार्गों पर नियमित सफाई, समय पर कचरा संग्रहण और प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर की स्वच्छता में किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं होनी चाहिए।

प्रकाश व्यवस्था की समीक्षा करते हुए निगमायुक्त ने निर्देश दिए कि शहर का कोई भी क्षेत्र अंधेरे में नहीं रहना चाहिए। बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों की तत्काल मरम्मत कर पर्याप्त रोशनी सुनिश्चित की जाए, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

फायर सेफ्टी को लेकर भी उन्होंने अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फायर ब्रिगेड के वाहन, उपकरण एवं कर्मचारी हर समय अलर्ट मोड में रहें, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

बैठक में अपर आयुक्त वी.एन. बाजपेई, अशफाक परवेज कुरैशी, सौरभ मिश्रा, श्रीमती अंजू सिंह सहित नगर निगम के सभी उपायुक्त, सहायक आयुक्त एवं विभागीय प्रमुख उपस्थित रहे। बैठक में सभी अधिकारियों को जनहित से जुड़े कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ समयबद्ध एवं गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए गए।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment