जबलपुर। आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने शुक्रवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों का सघन निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पर्व के दौरान स्वच्छता व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण कर ली जाएं।
निगमायुक्त ने विशेष रूप से करबला स्थलों एवं ताजिया जुलूस के निर्धारित मार्गों का निरीक्षण किया। उन्होंने साफ-सफाई, चूना-डस्टिंग, कचरा संग्रहण तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पूरे मार्ग पर नियमित सफाई, पर्याप्त सफाईकर्मियों की तैनाती और कचरे के त्वरित निष्पादन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि मोहर्रम जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक पर्व पर श्रद्धालुओं को स्वच्छ, सुरक्षित एवं व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और किसी भी समस्या का तत्काल समाधान करें।
नगर निगम प्रशासन ने भी शहरवासियों से अपील की है कि वे स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग करें तथा सार्वजनिक स्थलों पर कचरा न फैलाएं, ताकि मोहर्रम पर्व गरिमामय एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।
नगर निगम जबलपुर ने विश्वास दिलाया है कि शहर में स्वच्छता एवं नागरिक सुविधाओं को लेकर विशेष निगरानी रखी जाएगी और पर्व के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी तत्परता के साथ संचालित की जाएंगी।










