निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार और महापौर जगत बहादुर सिंह “अन्नू” की पहल, जबलपुर में लगेंगे 11 लाख पौधे; 175 एकड़ में विकसित होंगे ऑक्सीजन जोन
जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर को स्वच्छ, हराभरा एवं प्रदूषण मुक्त बनाने के उद्देश्य से नगर निगम ने इस वर्ष 11 लाख पौधे लगाने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया है। इस महाअभियान की शुरुआत जून माह से की जाएगी, जो पर्यावरण संरक्षण एवं हरित विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार एवं महापौर जगत बहादुर सिंह “अन्नू” ने उमरिया पिपरिया क्षेत्र में प्रथम चरण के अंतर्गत चिन्हित 20 एकड़ भूमि का निरीक्षण किया। इस क्षेत्र में एक विशाल नगर वन (अर्बन फॉरेस्ट) विकसित किया जाएगा, जो भविष्य में शहरवासियों को स्वच्छ वायु, प्राकृतिक वातावरण एवं स्वास्थ्यवर्धक सुविधाएं प्रदान करेगा।
नगर वन का विकास आधुनिक मियावाकी पद्धति से किया जाएगा। जापान में विकसित इस तकनीक के माध्यम से कम समय में घने एवं प्राकृतिक जंगल तैयार किए जा सकते हैं। प्रस्तावित नगर वन क्षेत्र में प्राकृतिक वन विकसित करने के साथ-साथ तालाबों का संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण, वॉकिंग ट्रैक निर्माण, फलदार पौधों का रोपण तथा पक्षियों एवं जैव विविधता के अनुकूल वातावरण तैयार किया जाएगा।
निगमायुक्त एवं महापौर ने बताया कि शहर के विभिन्न हिस्सों में कुल 175 एकड़ भूमि चिन्हित कर ऑक्सीजन जोन विकसित किए जाएंगे। आगामी एक वर्ष में इन क्षेत्रों में व्यापक पौधारोपण कर हरित क्षेत्र तैयार किए जाएंगे, जिससे शहर की वायु गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होने की संभावना है।
नगर निगम ने नागरिकों से इस अभियान में सहभागी बनने तथा अधिक से अधिक पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने की अपील की है।










