पीपल के नीचे बैठे आयुक्त, फिर लगी चौपाल…

---Advertisement---

पीपल के नीचे बैठे आयुक्त, फिर लगी चौपाल…

जबलपुर।

ग्रामीणों से सीधा संवाद कर सुनी समस्याएं, योजनाओं का लाभ दिलाने का दिया भरोसा

निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने पिपरिया गांव में पीपल के पेड़ के नीचे बैठकर लगाई चौपाल, त्रिफला गार्डन और पौधारोपण स्थल का किया निरीक्षण

जबलपुर। नगर निगम द्वारा आमजन तक शासकीय योजनाओं का लाभ पहुंचाने और उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से एक संवेदनशील एवं सराहनीय पहल की गई। संभाग क्रमांक 11 अंतर्गत ग्राम पिपरिया में निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने पीपल के पेड़ की छांव में ग्रामीणों के बीच बैठकर चौपाल लगाई और लोगों से आत्मीय संवाद किया।

ग्रामीण परिवेश में लगी इस चौपाल में निगमायुक्त ने कहा कि शासन की मंशा है कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक हर योजना का लाभ पहुंचे। इसके लिए क्षेत्र में विशेष शिविर लगाए जाएंगे, ताकि पात्र नागरिकों को बिना किसी परेशानी के सभी आवश्यक सुविधाएं और योजनाओं का लाभ मिल सके।

उन्होंने मौके पर उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविरों की सभी व्यवस्थाएं समय पर और व्यवस्थित ढंग से सुनिश्चित की जाएं। निगमायुक्त ने स्पष्ट कहा कि नागरिकों को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, बल्कि प्रशासन स्वयं उनके बीच पहुंचकर समस्याओं का समाधान करे।

चौपाल के बाद निगमायुक्त ने क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती रजनी सुरेंद्र साहू के साथ क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने त्रिफला गार्डन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा प्रस्तावित पौधारोपण स्थल का निरीक्षण कर पर्यावरण संरक्षण को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त के साथ नगर निगम के अधिकारी एवं तकनीकी विशेषज्ञ भी मौजूद रहे। मौके पर जनहित से जुड़े कई विषयों पर चर्चा कर विकास कार्यों को गति देने की कार्ययोजना तैयार की गई।

ग्रामीणों ने निगमायुक्त की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि प्रशासन का इस तरह गांव में आकर चौपाल लगाना और सीधे संवाद करना विकास कार्यों में नई ऊर्जा और विश्वास पैदा करता है।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment