रेट लिस्ट पर पर्दा… क्या सुलभ पर कार्रवाई करेंगे निगम आयुक्त
स्वच्छता सर्वेक्षण के बीच शौचालयों में पारदर्शिता पर उठे सवाल, एग्रीमेंट उल्लंघन पर ठेका टर्मिनेट करने की मांग तेज
जबलपुर में स्वच्छता और पारदर्शिता के दावों के बीच SULABH INTERNATIONAL द्वारा संचालित सुलभ शौचालयों की रेट लिस्ट ढके जाने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। जिस रेट लिस्ट को आम नागरिकों की सुविधा और निर्धारित शुल्क की जानकारी के लिए स्पष्ट रूप से प्रदर्शित किया जाना चाहिए, वही सूची अब पर्दे के पीछे छिपी दिखाई दे रही है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि रेट लिस्ट ढकने से आम जनता को वास्तविक शुल्क की जानकारी नहीं मिल पा रही, जिससे मनमानी वसूली की आशंका बढ़ गई है। सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब नगर निगम स्वयं शुल्क सूची प्रदर्शित करने के निर्देश देता है, तो फिर उसे छिपाने की अनुमति किसके संरक्षण में दी जा रही है?
सूत्रों के अनुसार निगम और संस्था के बीच हुए एग्रीमेंट में स्पष्ट प्रावधान हैं कि नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कार्रवाई से लेकर ठेका समाप्ति तक की प्रक्रिया अपनाई जा सकती है। ऐसे में अब निगाहें नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार पर टिक गई हैं कि वे केवल नोटिस जारी करेंगे या वास्तव में जनता के हित में सख्त कदम उठाते हुए ठेका टर्मिनेट करने की दिशा में कार्रवाई करेंगे।
स्वच्छता सर्वेक्षण के दौरान शहर को नंबर वन बनाने के दावे किए जा रहे हैं, लेकिन दूसरी ओर शौचालयों में पारदर्शिता पर उठते सवाल निगम व्यवस्था की साख पर भी प्रश्नचिह्न खड़े कर रहे हैं। अब देखना यह होगा कि निगम प्रशासन इस मामले को गंभीरता से लेता है या फिर रेट लिस्ट की तरह पूरा मामला भी पर्दे के पीछे दबा दिया जाएगा।










