निगमायुक्त सुबह-सुबह स्मार्ट सिटी कार्यालय पहुॅंचकर स्वच्छता, जनगणना, सी.एम. हेल्प लाइन एवं अन्य योजनाओं के कार्यो की समीक्षा की
सभी अधिकारियों को फील्ड में रहकर टीम वर्क के साथ कार्यो को गुणवत्ता के साथ कराने निर्देश दिये
जबलपुर। शहर की बुनियादी सुविधाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा योजनाओं के कार्यो को व्यवस्थित तरीके से कर आमजनों को लाभ पहुॅंचाने के उद्देश्य से निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार आज सुबह-सुबह स्मार्ट सिटी कार्यालय पहुँचे। उन्होंने वहाँ स्वच्छता, जनगणना की तैयारियों, सी.एम. हेल्पलाइन और विभिन्न निर्माणाधीन योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। बैठक के दौरान निगमायुक्त श्री अहिरवार ने कहा कि शहर की रैंकिंग और नागरिक सुविधाओं में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने स्वच्छता अभियान में विशेष जोर देते हुए शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए सफाई व्यवस्था की रियल-टाइम मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। जन शिकायतों का निवारण प्राथमिकता के आधार पर करने और संतुष्टिपूर्ण फीडबैक सुनिश्चित करने की बात कही। जनगणना से संबंधित कार्यो को समय सीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिये। निगमायुक्त अहिरवार ने अधिकारियों से कहा कि सभी अधिकारी और कर्मचारी फील्ड में सक्रिय रहें और टीम वर्क के साथ कार्य करें। बैठक के दौरान सभी अपर आयुक्त, उपायुक्त, सहायक आयुक्त, विभागीय प्रमुख एवं संभागीय अधिकारी आदि उपस्थित रहे।










