जनगणना 2027 के प्रथम चरण की शानदार शुरुआत, रिकॉर्ड समय में कार्य पूर्ण करने वाले प्रगणक सम्मानित
निगमायुक्त एवं मुख्य जनगणना अधिकारी राम प्रकाश अहिरवार ने किया सम्मान
अन्य प्रगणकों को समयसीमा में कार्य पूर्ण करने दिए महत्वपूर्ण सुझाव
जबलपुर। भारत की जनगणना 2027 के तहत नगर निगम क्षेत्र में प्रथम चरण के मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य उत्साह और सकारात्मक ऊर्जा के साथ शुरू हुआ है। इस राष्ट्रीय महत्व के कार्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रगणकों का उत्साहवर्धन करने के लिए नगर निगम आयुक्त एवं मुख्य जनगणना अधिकारी राम प्रकाश अहिरवार ने विशेष सम्मान समारोह आयोजित कर उन्हें सम्मानित किया।
रिकॉर्ड समय में 100% लक्ष्य पूरा
निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने उन 15 प्रगणकों को सम्मानित किया, जिन्होंने अपने आवंटित क्षेत्रों (चार्ज क्रमांक 15) में मात्र 2 से 3 दिनों के भीतर 100 प्रतिशत कार्य पूर्ण कर मिसाल पेश की। प्रगणकों ने बताया कि उनकी सफलता का मुख्य आधार क्षेत्र का सघन भ्रमण और सटीक ‘नजरी नक्शा’ तैयार करना रहा।
कर्तव्यनिष्ठा और तकनीक का समन्वय
अभियान के दौरान कई प्रेरक उदाहरण भी सामने आए। प्रगणक श्रीमती सरिता चौधरी ने पारिवारिक स्वास्थ्य चुनौतियों के बावजूद अवकाश लिए बिना निर्धारित 188 मकानों के स्थान पर 192 मकानों की गणना कर दो दिनों में कार्य पूर्ण किया। वहीं प्रगणक श्रीमती आशा यादव ने बताया कि एक परिवार ने अमेरिका में रह रहे अपने बेटे द्वारा गूगल पर आईडी कार्ड की प्रामाणिकता की पुष्टि के बाद जानकारी साझा की, जो नागरिकों में डेटा सुरक्षा के प्रति बढ़ती जागरूकता को दर्शाता है।
प्रगणक शोभना चतुर्वेदी ने दक्षिण सिविल लाइन जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सफलतापूर्वक गणना कार्य संपन्न किया।
टीमवर्क और जनसहयोग बना सफलता की कुंजी
प्रगणकों ने इस उपलब्धि का श्रेय जनसहयोग, फील्ड ट्रेनर्स के मार्गदर्शन और टीमवर्क को दिया। कार्यक्रम में अपर आयुक्त मनोज श्रीवास्तव, जनगणना निदेशालय भोपाल से अशोक चौबे एवं जनगणना सेल के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
सभी प्रगणकों ने जनगणना कार्य को राष्ट्रीय जिम्मेदारी बताते हुए इसे पूर्ण निष्ठा और समर्पण के साथ पूरा करने का संकल्प दोहराया।
निगमायुक्त एवं मुख्य जनगणना अधिकारी राम प्रकाश अहिरवार ने किया सम्मान
Updated On: May 8, 2026 10:40 am

---Advertisement---









