जबलपुर। नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने गुरुवार को रानी लक्ष्मीबाई वार्ड का औचक निरीक्षण कर क्षेत्र की सफाई व्यवस्था एवं नागरिक सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वार्ड में स्वच्छता, सड़क, प्रकाश व्यवस्था और जलापूर्ति जैसी बुनियादी सुविधाओं की स्थिति की जानकारी लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एक प्रेरणादायक दृश्य तब देखने को मिला जब निगमायुक्त की नजर मैदान में क्रिकेट खेल रहे बच्चों पर पड़ी। बच्चों के उत्साह को देखकर वे स्वयं मैदान में उतर गए और उनके साथ स्वच्छता क्रिकेट खेलते हुए शानदार बल्लेबाजी की। इस दौरान उन्होंने बच्चों को स्वच्छता का संदेश देते हुए शहर को साफ-सुथरा रखने में उनकी भागीदारी की महत्ता समझाई।
निगमायुक्त श्री अहिरवार ने कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि हर नागरिक की सहभागिता से ही शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सकता है। उन्होंने बच्चों से अपील की कि वे अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाएं और दूसरों को भी प्रेरित करें।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय पार्षद कृष्णा दास ने वार्ड की प्रमुख समस्याओं एवं आवश्यकताओं से निगमायुक्त को अवगत कराया। इस अवसर पर अपर आयुक्त देवेन्द्र सिंह चौहान, अधीक्षण यंत्री कमलेश श्रीवास्तव, स्वास्थ्य अधिकारी अंकिता बर्मन तथा संभागीय यंत्री अभिषेक तिवारी सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
नगर निगम के इस निरीक्षण और संवादात्मक पहल की वार्डवासियों ने सराहना की। नागरिकों का मानना है कि इस प्रकार के जनसंवाद और मैदानी निरीक्षण से प्रशासन और जनता के बीच विश्वास मजबूत होता है तथा शहर को स्वच्छ बनाने की दिशा में सकारात्मक परिणाम सामने आते हैं।










