निगमायुक्त ने छोटी लाइन फाटक चौराहा का भी किया अधिकारियों के साथ दौरा
गोरखपुर के आदिशंकराचार्य चौराहे को अतिक्रमण मुक्त कर व्यवस्थित करने दिए निर्देश
जबलपुर। शहर की स्वच्छता और सुव्यवस्थित यातायात को प्राथमिकता देते हुए निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने आज क्षेत्र का सघन निरीक्षण किया। शहर की सफाई व्यवस्था का जायजा लेने के उपरांत वे सीधे गोरखपुर स्थित आदिशंकराचार्य चौराहा पहुंचे, जहाँ उन्होंने व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए मौके पर ही अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने चौराहे के आसपास की अव्यवस्थाओं को गंभीरता से लिया। उन्होंने स्वच्छता, अतिक्रमण और उद्यान विभाग के अधिकारियों को स्पष्ट रूप से निर्देशित किया कि इस महत्वपूर्ण चौराहे को शहर के एक ‘मॉडल’ के रूप में व्यवस्थित किया जाए।
सफाई अमले को निर्देशित किया गया कि चौराहे और आसपास के क्षेत्रों में नियमित रूप से विशेष सफाई अभियान चलाया जाए।
उन्होंने सड़क और फुटपाथ पर बढ़ते अतिक्रमण को हटाने के निर्देश दिए गए, ताकि राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी न हो।
निगमायुक्त श्री अहिरवार द्वारा उद्यान विभाग को चौराहे के आसपास वृक्षारोपण और सजावटी पौधों के माध्यम से सौंदर्यीकरण करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्होंने फाउंटेन चालू करने के साथ लाइट व्यवस्था को भी व्यवस्थित करने के निर्देश दिए। इस मौके पर मुख्य स्वच्छता निरीक्षक आनंद राव, दल प्रभारी बृज किशोर तिवारी, उपयंत्री सौरभ चौकसे आदि उपस्थित रहे।










