( उजला दर्पण अंकित सेन स्टेट हेड म .प्र )
तंबाकू और शराब के ब्रांडों का ऐड करने वाले कई बॉलीवुड स्टार्स पर अक्सर विवाद खड़ा हो जाता है। हालांकि ऐसे विज्ञापनों से मोटी रकम मिलती है, लेकिन एक्टर्स को अक्सर सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग का सामना भी करना पड़ता है, जहां कई लोग सार्वजनिक हस्तियों की जिम्मेदारी पर सवाल उठाते हैं, खासकर लोगों पर उनके प्रभाव को देखते हुए। हालांकि, बॉलीवुड एक्टर सुनील शेट्टी ने 40 करोड़ रुपये के तंबाकू के ऐड को ठुकराने के बारे में खुलकर बात की है, उनका कहना है कि वह ऐसी किसी चीज का प्रचार नहीं करना चाहते जिस पर उन्हें विश्वास नहीं है।
पीपिंग मून के साथ एक पॉडकास्ट में सुनील शेट्टी ने खुलासा किया कि मोटी रकम मिलने के बावजूद उन्होंने कभी तंबाकू ब्रांडों का प्रचार क्यों नहीं किया। उन्होंने कहा, ‘मेरी सेहत ही मेरी सफलता का कारण है। मेरे शरीर ने ही सुनील शेट्टी को फिल्म जगत में मौका दिया है। अगर मैं इसे अपनी पवित्र जगह नहीं मानूंगा, तो मैं खुद के साथ अन्याय करूंगा। मैं अपने बच्चों के लिए क्या विरासत छोड़ जाऊंगा? सिनेमा या बॉक्स ऑफिस के लिहाज से आज शायद मैं उतना सही न रहूं, लेकिन आज भी 17 से 20 साल के युवा मुझे इतना प्यार और सम्मान देते हैं। यह अविश्वसनीय है।’










