जयपुर/चौमूं। जयपुर जिले के चौमूं कस्बे में मस्जिद के बाहर पुलिस पर हुए पथराव की घटना के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। इमाम चौक क्षेत्र में गुरुवार को नगर परिषद और स्थानीय प्रशासन की संयुक्त टीम ने बुलडोजर चलाकर 20 से अधिक अवैध निर्माणों को ध्वस्त किया। कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर करीब 500 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे। पूरे इलाके को छावनी में तब्दील कर प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी लगातार निगरानी करते रहे।

दरअसल, कुछ दिन पहले चौमूं में मस्जिद के पास अतिक्रमण हटाने को लेकर विवाद हुआ था, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। इस दौरान उपद्रवियों ने पुलिस पर पथराव किया, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की, वहीं नगर परिषद ने क्षेत्र में अवैध निर्माणों की गहन जांच तेज कर दी।
प्रशासन के अनुसार, इमाम चौक इलाके में लंबे समय से सरकारी और सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जों की शिकायतें मिल रही थीं। जांच के बाद नगर परिषद ने करीब 19 से 20 अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी कर तय समय सीमा में स्वयं अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए थे। निर्धारित अवधि में अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर गुरुवार को बुलडोजर कार्रवाई की गई।
चौमूं थाना प्रभारी प्रदीप शर्मा ने बताया कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। नगर परिषद द्वारा चिन्हित अवैध निर्माणों के आधार पर ही कार्रवाई की जा रही है और पूरी प्रक्रिया कानून के दायरे में रहकर पूरी की जा रही है। किसी निर्दोष व्यक्ति को परेशान नहीं किया जाएगा।
वहीं जयपुर पश्चिम के एडीसीपी राजेश गुप्ता ने कहा कि नोटिस के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। हालिया पथराव की घटना में शामिल कुछ लोगों के अवैध निर्माण भी इस कार्रवाई के दायरे में आए हैं।
प्रशासन ने साफ किया है कि आगे भी अवैध अतिक्रमणों के खिलाफ अभियान जारी रहेगा और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के साथ सख्ती से निपटा जाएगा।









