फेसबुक लाइव : स्वरोजगार योजनाओं पर युवाओं से हुआ संवाद.

---Advertisement---

( उजला दर्पण अंकित सेन स्टेट हेड मध्य प्रदेश )

अधिकारियों ने दिये हर प्रश्नों के जबाब

व्यवसाय या उद्योग स्थापित करने प्रोजेक्ट रिपोर्ट बनाने से लेकर ऋण प्राप्त करने की प्रक्रिया भी बताई.

जबलपुर  शासन द्वारा संचालित स्वरोजगार योजनाओं पर जिला प्रशासन के अधिकारियों ने आज सोमवार को फेसबुक लाइव के माध्यम से युवाओं से सीधे संवाद कर इन योजनाओं से जुड़े उनके हर सवाल का जबाब दिया तथा उनकी जिज्ञासा का समाधान किया। फेसबुक लाइव के इस कार्यक्रम से जुड़े युवाओं को स्वरोजगार योजनाओं की सहायता से स्वयं का व्यवसाय या औद्योगिक इकाई स्थापित करने के लिये प्रोजेक्ट रिपोर्ट बनाने से लेकर आवेदन करने और ऋण स्वीकृति की प्रक्रिया भी बताई गई।

कलेक्टर जबलपुर फेसबुक पेज पर शाम चार बजे से करीब एक घण्टे तक चले फेसबुक लाइव के इस कार्यक्रम में अधिकारियों ने सभी वर्ग के युवाओं के लिये शासन द्वारा संचालित स्वरोजगार योजनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी तथा अलग-अलग सेक्टर में व्यवसाय, सेवा या उद्योग स्थापित करने में उनके लिये कौनसी योजना बेहतर होगी इस पर भी प्रकाश डाला। स्वरोजगार योजनाओं की सहायता के तहत शासन से ब्याज अनुदान के रूप में मिलने वाली सहायता तथा ऋण स्वीकृति के लिये जरूरी दस्तावेजों की जानकारी भी फेसबुक लाइव के कार्यक्रम में दी गई।

फेसबुक लाइव पर युवाओं से मिले ज्यादातर कमेंट्स खाद्य प्रसंस्करण इकाई की स्थापना, मोबाइल रिपेयरिंग यूनिट, मोटर मेकेनिक, व्हीकल सर्विसिंग, ब्यूटी पार्लर, कमर्शियल व्हीकल, टेंट हाउस जैसे व्यवसाय से जुड़े थे। युवाओं के सवालों के जबाब जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक विनीत रजक, लीड बैंक मैनेजर दिवाकर ठाकुर एवं उप संचालक उद्यानिकी डॉ नेहा पटेल ने दिये। इन अधिकारियों ने युवाओं को बताया कि परियोजना की लागत के अनुरूप किस स्वरोजगार योजना के तहत ऋण प्राप्त करने के लिये आवेदन करना उचित होगा। युवाओं को बताया गया की पच्चीस लाख रुपये तक के परियोजना लागत वाले सेवा या व्यवसाय की स्थापना के लिये मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के तहत आवेदन किया जा सकता है, वहीं 50 लाख रुपये तक की परियोजना लागत वाली औद्योगिक इकाई के लिये भी युवा मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना से ऋण के लिये युवा आवेदन कर सकते हैं। यदि औद्योगिक इकाई की परियोजना लागत 50 लाख रुपये से अधिक होने की स्थिति में युवाओं को एमएसएमई प्रोत्साहन योजना के तहत ऋण के लिये आवेदन करना होगा।

फेसबुक लाइव के कार्यक्रम में बताया गया कि शासन द्वारा अनुसूचित जाति वर्ग के युवाओं को 50 लाख रुपये तक का व्यवसाय या इकाई स्थापित करने के लिये ऋण उपलब्ध कराने संत रविदास स्वरोजगार योजना तथा दस हजार रुपये से एक लाख रुपये तक के छोटे व्यवसाय या उद्योग स्थापित करने के लिये ऋण उपलब्ध कराने डॉ भीमराव अंबेडकर आर्थिक कल्याण योजना संचालित की जा रही है। इसी प्रकार अनुसूचित जनजाति के युवा 50 लाख रुपये तक के व्यवसाय या विनिर्माण इकाई की स्थापना के लिये भगवान बिरसा मुंडा स्वरोजगार योजना एवं दस हजार रुपये से एक लाख रुपये तक के छोटे व्यवसाय या उद्योग की स्थापना के लिये टंट्या मामा आर्थिक कल्याण योजना से ऋण प्राप्त कर सकते हैं। युवाओं को फेसबुक लाइव में बताया गया कि सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण इकाई की स्थापना के लिये ऋण प्राप्त करने युवा शासन द्वारा उद्यानिकी विभाग के माध्यम से संचालित पीएमएफएमई योजना के तहत आवेदन कर सकते हैं।

फेसबुक लाइव के कार्यक्रम में कलेक्टर राघवेंद्र सिंह की पहल पर नवाचार के तौर पर जिले के ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं में उद्यमिता के गुणों का विकास करने तथा स्वरोजगार ऋण योजनाओं की सहायता से उन्हें स्वयं का व्यवसाय या विनिर्माण इकाई स्थापित करने के लिये प्रत्येक बुधवार को हर विकासखण्ड में दो-दो क्लस्टरों में लगाये जा रहे उद्यम संस्कार शिविरों की जानकारी भी दी गई। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह की पहल पर हितधारकों से सीधे संवाद करने का फेसबुक लाइव का यह तीसरा कार्यक्रम था। इस बार स्वयं का रोजगार स्थापित करने के इच्छुक युवाओं के लिये इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसके पहले ई-टोकन एवं उर्वरक वितरण प्रणाली तथा धान उपार्जन पर किसानों से संवाद के कार्यक्रम आयोजित किये गये थे। स्वरोजगार योजनाओं पर केंद्रित फेसबुक लाईव के इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जिले के युवाओं ने जुड़कर कमेंट्स के जरिये अपने सवाल पूछे।

 

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment