( उजला दर्पण रामगोपाल सिंह सीनियर रिपोर्टर मध्य प्रदेश )
पुलिस अधीक्षक जबलपुर श्री सम्पत उपाध्याय (भा.पु.से.) के निर्देश पर दिनांक 17/12/2025 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय की सायबर टीम द्वारा जबलपुर रेल्वे स्टेशन के पास स्थित उमंग सामुदायिक भवन में आल इंडिया रिटायर्ड रेलवे मेंस फेडरेशन के सदस्यों को सायबर फ्रॉड के संबंध में जागरूक किया गया।
सायबर एक्सपर्ट उप निरीक्षक श्री नीरज सिंह नेगी एवं प्रधान आरक्षक राजा मिश्रा द्वारा वर्तमान में चल रहे विभिन्न प्रकार के सायबर फ्रॉड जैसे फर्जी कॉल, ओटीपी धोखाधड़ी, ऑनलाइन ठगी, डिजिटल आरेस्ट, बैंकिंग एवं डिजिटल भुगतान से संबंधित अपराधों की जानकारी दी गई। साथ ही सायबर अपराध से बचाव के उपाय, सुरक्षित इंटरनेट एवं मोबाइल उपयोग तथा किसी भी सायबर अपराध की स्थिति में तत्काल शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया से अवगत कराया गया।
सायबर टीम द्वारा सभी उपस्थित सदस्यों से अपील की गई कि वे किसी भी अज्ञात कॉल, लिंक या संदेश पर विश्वास न करें एवं अपनी व्यक्तिगत एवं बैंकिंग जानकारी किसी के साथ साझा न करें।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को सायबर अपराधों के प्रति जागरूक कर उन्हें सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने हेतु प्रेरित करना रहा।











