ग्रामीण अंचल के युवाओं को स्वरोजगार के प्रति जागरूक करने आयोजित होंगे “उद्यम संस्कार शिविर”

---Advertisement---

( उजला दर्पण वेंकटेश्वर राव सीनियर रिपोर्टर जबलपुर )

जबलपुर जिला प्रशासन द्वारा ग्रामीण अंचल के युवाओं को स्वरोजगार के प्रति जागरूक करने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए “उद्यम संस्कार शिविर” आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। कलेक्टर श्री राघवेन्द्र सिंह द्वारा जारी आदेशानुसार, इन शिविरों का आयोजन प्रत्येक बुधवार को जिले की विभिन्न जनपद पंचायतों के क्लस्टर मुख्यालयों पर किया जाएगा, जिसका मुख्य उद्देश्य शासन की महत्वाकांक्षी स्वरोजगार योजनाओं का लाभ अंतिम छोर के व्यक्ति तक पहुँचाना है। इसके माध्‍यम से ग्रामीण क्षेत्रों में युवाओं को ऋण, अनुदान और सूक्ष्म उद्योगों की स्थापना संबंधी जानकारी सुनिश्चित करना है, जिसके लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई है। जिससे न केवल रोजगार के अवसर बढ़ेंगे बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी।

इन विशेष शिविरों के सफल संचालन के लिए प्रशासनिक स्तर पर समन्वयक और नोडल अधिकारियों की नियुक्तियां कर दी गई हैं, जिसमें जिला उद्योग एवं व्यापार केंद्र के सहायक प्रबंधक को समन्वयक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। साथ ही पंचायत समन्वय अधिकारी, क्षेत्रीय बैंक अधिकारी और राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के प्रबंधकों को नोडल अधिकारी के रूप में तैनात किया गया है, जो शिविर स्थल पर आवेदकों की समस्याओं का मौके पर ही निराकरण करेंगे। जिला प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि प्रत्येक ग्राम पंचायत से कम से कम 10 संभावित युवा उद्यमियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए और स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को नगद शाख सीमा एवं अन्‍य बैंक से संबंधित विषयों के समाधान के लिए एसएसजी की महिलाओं को शिविर में उपस्थित होने के लिए निर्देश‍ित किया जायेगा।

इस संबंध में कहा गया है कि अन्य विभागों के स्वरोजगार योजनाओं की लक्ष्य प्राप्ति के लिए जिन विभागों का अमला जनपद पंचायत एवं क्लस्टर स्तर पर नहीं है, उन विभागो के द्वारा अपने विभागीय प्रतिनिधि अपने स्तर से शिविर में भाग लेने के लिए अपने अमले को निर्देशित करेंगे। जिन विभागों के द्वारा भी स्वरोजगार योजनाओं का संचालन किया जाता है उनके जिला स्तरीय अधिकारी एवं जनपद स्तरीय अधिकारी ग्रामीण क्षेत्र में आयोजित किसी भी उद्यम संस्कार शिविर में अपनी उपस्थिति अनिवार्यतः सुनिश्चित करेंगे।

उद्योग विभाग के द्वारा प्रत्येक शिविर के आयोजन से संबंधित बैनर, प्रचार-प्रसार की सामग्री एवं विभागीय योजनाओं की जानकारी संकलित कर उपलब्ध कराई जावेगी। इसके अलावा अतिरिक्त संबंधित अधिकारियों के प्रशिक्षण की व्यवस्था भी उद्योग विभाग के द्वारा ही कराई जावेगी। शिविर के आयोजन के पश्चात गूगल फार्म में योजनावार प्राप्त आवेदनों की जानकारी एवं उपस्थित अधिकारियों-कर्मचारियों की सूची मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत जबलपुर को उपलब्ध कराई जावेगी।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment