जयपुर, 16 दिसंबर 2025।
राजस्थान के ऐतिहासिक और विश्वविख्यात सांभर क्षेत्र में एक बार फिर पर्यटन, संस्कृति और रोमांच का भव्य संगम साकार होने जा रहा है। राजस्थान पर्यटन विभाग की ओर से 27 से 31 दिसंबर 2025 तक पांच दिवसीय सांभर महोत्सव 2025 का आयोजन किया जाएगा। यह महोत्सव देश-विदेश से आने वाले सैलानियों को राजस्थान की समृद्ध कला, लोकसंस्कृति और अद्वितीय प्राकृतिक विरासत से रूबरू कराने का एक बड़ा मंच बनेगा। आयोजन का उद्देश्य सांभर को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर एक अनुभव आधारित प्रमुख डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित करना है।
पर्यटन विभाग के अनुसार, सांभर महोत्सव राज्य सरकार के ईयर-राउंड और अनुभव आधारित पर्यटन विज़न को मजबूती प्रदान करेगा। उल्लेखनीय है कि जनवरी 2024 में आयोजित सांभर उत्सव को जबरदस्त सफलता मिली थी, जिसमें दिल्ली, चंडीगढ़, गुरुग्राम, गुजरात, मध्यप्रदेश और मुंबई सहित कई राज्यों से बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचे थे। साथ ही विदेशी सैलानियों की भागीदारी ने इस आयोजन को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाई। इसी सकारात्मक प्रतिक्रिया को देखते हुए इस वर्ष महोत्सव को और अधिक व्यापक और आकर्षक स्वरूप में आयोजित किया जा रहा है।
पर्यटन विभाग के उप निदेशक उपेंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी के विजन के अनुरूप सांभर महोत्सव को राजस्थान की कला, लोकसंस्कृति और प्राकृतिक धरोहर को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करने का प्रभावी माध्यम बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भविष्य में इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रमुख पर्यटन आयोजनों की श्रेणी में शामिल करने के लिए योजनाबद्ध रूप से कार्य किया जा रहा है। अब सांभर साल्ट लेक केवल ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि यह प्री-वेडिंग शूट, प्रोफेशनल फोटोग्राफी और एस्ट्रो टूरिज्म का उभरता केंद्र बन रही है।
पांच दिवसीय महोत्सव के दौरान झपोक, सांभर साल्ट कैंपस, देवयानी तीर्थ सरोवर और मेला ग्राउंड प्रमुख गतिविधि केंद्र होंगे। कार्यक्रम में कला एवं शिल्प स्टॉल, स्थानीय कारीगरी, फोटोग्राफी प्रदर्शनी, रंग-बिरंगी फैंसी पतंगें, पैरा मोटरिंग, पैरा सेलिंग, एटीवी राइड्स और एडवेंचर बाइक राइड जैसे रोमांचक आयोजन शामिल होंगे। प्रकृति प्रेमियों के लिए बर्ड वॉचिंग टूर, साल्ट लेक भ्रमण और नमक उत्पादन प्रक्रिया टूअर आकर्षण का केंद्र रहेंगे, जबकि दीपोत्सव, महाआरती और धार्मिक स्थलों की विशेष लाइटिंग आध्यात्मिक वातावरण को सशक्त बनाएगी।
इसके अतिरिक्त लोक कलाकारों की प्रस्तुतियां, सेलिब्रिटी इवनिंग्स, हेरिटेज वॉक, साइक्लिंग टूर, ऊँट-घुड़सवारी और बच्चों के लिए किड्स ज़ोन महोत्सव को बहुआयामी स्वरूप देंगे। पर्यटन विभाग का मानना है कि सांभर महोत्सव 2025 न केवल स्थानीय अर्थव्यवस्था और रोजगार को गति देगा, बल्कि राजस्थान को एक अनुभव आधारित, अंतरराष्ट्रीय पर्यटन राज्य के रूप में स्थापित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।










