( उजला दर्पण वेंकटेश्वर राव सीनियर रिपोर्टर जबलपुर )
जबलपुर कलेक्टर श्री राघवेंद्र सिंह की अध्यक्षता में आज लंबित पत्रों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इस दौरान नगर निगम कमिश्नर श्री रामप्रकाश अहिरवार, सीईओ जिला पंचायत श्री अभिषेक गहलोत, अपर कलेक्टर श्री नाथूराम गोंड सहित सभी जिला अधिकारी मौजूद थे। फील्ड स्तर के अधिकारी भी वीसी के माध्यम से इस बैठक में जुड़े थे।
कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि शासन की प्राथमिकता से जुड़े विषयों से संबंधित प्रकरणों को संवेदनशीलता के साथ निराकरण करना है। उन्होंने धान उपार्जन व मटर मंडी की तैयारियों के संबंध में चर्चा कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा शासन के निर्देशानुसार आवासीय भूमि के पट्टे प्रदाय करने के संबंध में संबंधित अधिकारियों को भी निर्देशित किया।
बैठक में फसल अवशेष प्रबंधन, उर्वरक की उपलब्धता व वितरण, नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, स्वरोजगार से जुड़े प्रकरणों के निराकरण पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही मानव अधिकार आयोग सहित विभिन्न जगहों से प्राप्त शिकायतों के निराकरण व विभिन्न विभागों में लंबित पत्रों के निराकरण समय सीमा में सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री सिंह ने वन ग्रामों को राजस्व ग्रामों में संपरिवर्तन की आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने, अतिक्रमण हटाने, शासकीय भूमि आवंटन के लंबित प्रकरणों का निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सीएम मॉनिट व सीएस मॉनिट के साथ सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों का निराकरण प्राथमिकता से करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा बैठक में पीएम स्वनिधि योजना, 70 वर्ष से अधिक के वरिष्ठ जनों के आयुष्मान कार्ड बनाने, आंगनवाड़ियों में पोषण बास्केट, शिक्षकों के ई-अटेंडेंस व सर्दी को दृष्टिगत रखते हुए नगर के प्रमुख स्थानों में अलाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में समाचार पत्रों में प्रकाशित विभिन्न समस्याओं के निराकरण के संबंध में भी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए। इस दौरान निर्वाचक नामावली के विशेष गहन पुनरीक्षण अंतर्गत डिजिटाइजेशन की प्रगति की समीक्षा भी की गई।












