( उजला दर्पण सीनियर रिपोर्टर राम गोपाल सिंह )
जबलपुर नवरात्र में नौ दिनों तक मां शक्ति की आराधना करने के बाद आज विजयादशमी पर्व पर दोनों नगर सेठानी यानी सुनरहाई की सजी-धजी प्रतिमाओं की विदाई के लिए विदाई मार्ग को फूलों से सजा दिया गया। फूलों से सजी सड़क पर नगर सेठानी एवं जेठानी को भव्यता के साथ मुख्य दशहरा चल समारोह के शुभारंभ स्थल नगर निगम तक ले जाया गया।
दोनों प्रतिमाओं की रवानगी के साथ ही ऐतिहासिक दशहरा महोत्सव का आगाज हो गया। पुष्पवर्षा व धूमधाम से विसर्जन के लिए निकली दुर्गा प्रतिमाओं की गरिमा आकर्षण का केंद्र रही। ग्रामीण क्षेत्रों में भी प्रतिमायें विसर्जन को निकलने लगीं थीं।
आसपास के क्षेत्रों में भी धूम- आज सुबह से ही दशहरे की धूम शहर के अलावा आसपास के क्षेत्रों में शुरू हो गई थी। सिहारा, पनागर, बुढागर, बरेला, भेड़ाघाट, शहपुरा, कटंगी, पाटन, कुंडम आदि में दशहरा महोत्सव की तैयारियां जारी थीं।
चूंकि बारिश संभावित है, इस कारण प्रशासन का प्रयास था कि समय पूर्व दशहरा मना लिया जाये। इधर नर्मदा तटों पर बनाए गए विसर्जन कुंडों पर भी भीड़-भाड़ उमड़ने लगी। शहर के कई क्षेत्रों से विसर्जन के लिए निकली दुर्गा प्रतिमाएं विसर्जन कुंडों पर पहुंचने लगीं थीं।












