( रामगोपाल सिंह उईके / उजला दर्पण )
शुरूआत नगर निगम के जोन क्रमांक-एक से होगी
ग्रामीण क्षेत्र में क्लस्टरवार होगा स्क्रीनिंग शिविरों का आयोजन
जबलपुर मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय की जुवेनाइल जस्टिस कमेटी की अनुशंसा के परिपालन में सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा 18 वर्ष तक के बच्चों में दिव्यांगता की पहचान हेतु जिले के शहरी और ग्रामीण क्षेत्र में 15 सितंबर से स्क्रीनिंग शिविरों का आयोजन किया जायेगा। शिविरों की शुरुआत नगर निगम जबलपुर के जोन मुख्यालयों से होगी। इसके बाद जिले के शेष नगरीय निकायों तथा ग्रामीण क्षेत्रों में ये शिविर लगाये जायेंगे।
स्क्रीनिंग शिविरों में बच्चों में दिव्यांगता के आंकलन हेतु अस्थि रोग विशेषज्ञ, नेत्र रोग विशेषज्ञ, ईएनटी रोग विशेषज्ञ, मेडिसिन विशेषज्ञ एवं मनोचिकित्सक उपस्थिति रहेंगे। चिन्हांकित बच्चों का शिविर में ही जिला मेडिकल बोर्ड के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा पुनः समुचित परीक्षण किया जायेगा तथा उन्हें 30 नवम्बर तक दिव्यांगता प्रमाण पत्र एवं यूआईडी नम्बर दिया जायेगा, ताकि उन्हें शासन की पेंशन एवं अन्य योजनाओं का लाभ दिलाया जा सके।
कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने शिविरों के आयोजन के संबंध में विस्तृत दिशा निर्देश जारी किया
कलेक्टर राघवेंद्र सिंह जी ने शिविरों के आयोजन के संबंध में विस्तृत दिशा निर्देश जारी किये हैं। उन्होंने शिविरों के आयोजन की जिम्मेदारी महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य विभाग, स्कूल शिक्षा, जनजातीय कार्य, सामाजिक न्याय, पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा आयुष विभाग के अधिकारियों के दायित्वों का निर्धारण किया है।
कलेक्टर श्री सिंह ने इन विभागों के बीच समन्वय के लिये शहरी क्षेत्रों के लिये आयुक्त नगर निगम, जबलपुर को तथा ग्रामीण क्षेत्र के लिये जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है।
बच्चों में दिव्यांगता की पहचान के लिये पहला स्क्रीनिंग शिविर 15 सितंबर को नगर निगम के जोन क्रमांक-एक में लगाया जायेगा। नगर निगम के जोन क्रमांक-दो में 17 सितंबर को, जोन क्रमांक-तीन में 18 सितंबर को, जोन क्रमांक-चार में 22 सितंबर को, जोन क्रमांक-पाँच में 24 सितंबर को, जोन क्रमांक-छह में 25 सितंबर को, जोन क्रमांक-सात में 29 सितंबर को, जोन क्रमांक-आठ में 6 अक्टूबर को, जोन क्रमांक-नौ में 7 अक्टूबर को, जोन क्रमांक दस में 8 अक्टूबर को, जोन क्रमांक-ग्यारह में 9 अक्टूबर को, जोन क्रमांक-बारह में 10 अक्टूबर को, जोन क्रमांक-तेरह में 13 अक्टूबर को, जोन क्रमांक-चौदह में 14 अक्टूबर को, जोन क्रमांक-पंद्रह में 15 अक्टूबर को नगर निगम के जोन क्रमांक-सोलह में 16 अक्टूबर को शिविर लगाया जायेगा। छावनी परिषद के समस्त वार्डों के लिये 20 अक्टूबर को स्क्रीनिंग शिविर का आयोजन किया जाएगा।
नगर पालिका सिहोरा में 27 अक्टूबर को, नगर पालिका पनागर में 29 अक्टूबर को, नगर परिषद भेडाघाट में 30 अक्टूबर को, नगर परिषद बरेला में 31अक्टूबर को, नगर परिषद मझौली में 3 नवंबर को, नगर परिषद शहपुरा में 4 नवंबर को, नगर परिषद पाटन में 5 नवंबर को तथा नगर परिषद कटंगी में 6 नवम्बर को दिव्यांगता की पहचान हेतु शिविर लगाया जायेगा। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चों में दिव्यांगता की पहचान हेतु स्क्रीनिंग शिविरों का आयोजन 10 नवम्बर से किया जायेगा । शिविरों के आयोजन के लिये चार से आठ गांवों के क्लस्टर बनाये गये हैं। ऐसे कुल 68 क्लस्टरों का गठन किया गया है। स्क्रीनिंग शिविर क्लस्टर मुख्यालयों पर लगाये जायेंगे।











