( रामगोपाल सिंह /उजला दर्पण )
भोपाल मप्र में आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थियों के लिए एआई आधारित चैटबॉट ‘आयुष्मान सखी’ लॉन्च कर दिया गया है। इससे आयुष्मान कार्डधारकों को कार्ड पर मिली कुल राशि (5 लाख रुपए) में से खर्च की गई रकम और बची हुई लिमिट की जानकारी घर बैठे ही मिल सकेगी। मध्यप्रदेश इस सुविधा को देने वाला देश का पहला राज्य बन गया है।
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आयुष्मान सखी चैटबॉट सेवा की शुरुआत की। इस चैटबॉट पर प्रदेश के नागरिकों को आयुष्मान भारत योजना की आवश्यक जानकारी अब व्हॉट्सएप पर 24×7 उपलब्ध होगी। मप्र राज्य स्वास्थ्य एजेंसी ने एमपी स्टेट इलेक्ट्रॉनिक्स डेवलपमेंट कॉरपोरेशन के साथ मिलकर इसे तैयार किया है। प्रदेश में 4.82 करोड़ लोगों के पास आयुष्मान कार्ड हैं।
डिजिटल वॉलेट से जान सकेंगे स्वीकृति राशि
मरीज अब डिजिटल वॉलेट से जान सकेंगे कि कार्ड पर उन्हें कितनी राशि स्वीकृत है, कितना खर्च हुआ और कितनी शेष है। चैटबॉट लाइव अपडेट देकर इलाज से जुड़ी जानकारी तुरंत उपलब्ध कराएगा।
यह केवल बैलेंस ही नहीं बताएगा, बल्कि नजदीकी आयुष्मान अधिकृत अस्पतालों की सूची भी देगा और गूगल मैप जैसी सुविधा से वहां तक पहुंचने का रास्ता भी दिखाएगा। आयुष्मान भारत निरामयम, राज्य स्वास्थ्य एजेंसी के सीईओ डॉ. योगेश भरसट ने बताया कि आयुष्मान सखी स्मार्ट चैटबॉट से जानकारी आसानी से मिल सकेगी।
वॉट्सएप नं. 0755-2762582
लाभार्थियों को केवल वॉट्सएप नंबर 0755-2762582 पर ‘Hi/Hello/नमस्ते’ लिखकर भेजना होगा। इसके बाद चैटबॉट बातचीत शुरू कर देगा और विभिन्न विकल्पों के जरिए जानकारी उपलब्ध कराएगा।
शहरी और दूरदराज, दोनों के लिए फायदेमंद
आयुष्मान चैटबॉट से बैठे ही इलाज से जुड़ी जरूरी जानकारी मिलेगी। कार्ड में कितनी राशि बची है, नजदीकी अधिकृत अस्पताल कौन-से हैं और कैसे पहुंचना है। दूरदराज के लोगों और शहरी दोनों का समय और पैसे बचेंगे। पारदर्शिता बढ़ेगी और इलाज की सुविधा बिना भटकाव के तुरंत मिल सकेगी।










