बालोतरा/जयपुर, 5 जुलाई। राजस्थान के बालोतरा जिले में शिक्षा और विकास के नए युग का शुभारंभ हुआ। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और सिक्किम के राज्यपाल श्री ओम प्रकाश माथुर ने बालोतरा जिला शिक्षा परिवर्तन कार्यक्रम (BDET) का उद्घाटन किया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य ड्रॉपआउट और नामांकन से वंचित बालिकाओं को फिर से शिक्षा से जोड़ना और उन्हें रोजगार के योग्य बनाना है।
ओम प्रकाश माथुर ने मोतीलाल ओसवाल फाउंडेशन की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से बालोतरा जैसे क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुलभ हो रही है। उन्होंने कहा कि योग को अंतर्राष्ट्रीय पहचान दिलाकर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने भारत को विश्वगुरु बनने की दिशा में अग्रसर किया है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के माध्यम से समाज में परिवर्तन लाने को प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि अब तक राज्य में 8 हजार से अधिक स्मार्ट क्लासरूम स्थापित किए गए हैं। 88,800 मेधावी छात्रों को निःशुल्क टैबलेट दिए गए हैं। ‘प्रखर राजस्थान रीड टू लीड कैंपेन’ से 42 लाख बच्चों को लाभ मिला है और 43 लाख पुस्तकें पुस्तकालयों में वितरित की गई हैं। 
ग्रामीण कल्याण और अंत्योदय शिविरों का लाभ
मुख्यमंत्री ने बताया कि ‘पंडित दीनदयाल उपाध्याय अंत्योदय संबल पखवाड़ा’ के तहत 10 हजार गांवों में बीपीएल परिवारों को सरकारी योजनाओं से जोड़ा जा रहा है। शिविरों में नामांतरण, पट्टा वितरण, भूमि विवाद निस्तारण, पशु चिकित्सा, जल आपूर्ति सुधार और आयुष्मान कार्ड जैसी सेवाएं दी जा रही हैं।
सरकार की प्राथमिकताएं स्पष्ट: रोजगार, विकास और पारदर्शिता
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने पिछले डेढ़ साल में 69 हजार युवाओं को नौकरी दी है और आगामी वर्षों में चार लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने का वादा पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती सरकार के समय पेपर लीक जैसी समस्याएं आम थीं, जबकि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में एक भी पेपर लीक नहीं हुआ।
बालोतरा के लिए विशेष बजट और विकास कार्य
बालोतरा जिले के चहुंमुखी विकास के लिए सड़कों के निर्माण, पीएचसी अपग्रेडेशन, बफर स्टोरेज, महिला कॉलेज निर्माण और बिजली ट्रांसफॉर्मर की स्थापना जैसे अनेक कार्यों के लिए बजट स्वीकृत किया गया है। साथ ही, किसानों को 105 करोड़ रुपये की आदान-अनुदान राशि दी गई है।
प्रधानमंत्री की सोच के अनुरूप विकास
श्री शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में युवाओं, महिलाओं, किसानों और मजदूरों का समग्र विकास हो रहा है। किसान सम्मान निधि और गेहूं की एमएसपी पर बोनस जैसे निर्णयों से किसानों को संबल मिल रहा है। महिला सशक्तिकरण के लिए राजीविका जैसी योजनाएं प्रभावी साबित हो रही हैं।
शिविर में लाभार्थियों को प्रमाण पत्र और चेक वितरित
शिविर के दौरान मुख्यमंत्री और राज्यपाल ने लाभार्थियों को मातृ वंदना योजना, राजश्री योजना, लाडो प्रोत्साहन योजना, निक्षय पोषण किट, पशु बीमा पॉलिसी और एनएफएसए प्रमाण पत्र वितरित किए। साथ ही दिव्यांगजनों
बालोतरा में आयोजित यह कार्यक्रम राज्य सरकार के शिक्षा, ग्रामीण कल्याण और समग्र विकास की प्रतिबद्धता का प्रमाण है। शिक्षा से लेकर रोजगार, स्वास्थ्य से लेकर अधोसंरचना तक—सरकार की योजनाएं धरातल पर उतरती नजर आ रही हैं। मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा और राज्यपाल श्री ओम प्रकाश माथुर की उपस्थिति ने इस आयोजन को ऐतिहासिक बना दिया।












