हर बूंद पर निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार की नजर, सुबह-सुबह ‘परियट’ पहुंच संभाली कमान
45 सदस्यीय टीम युद्धस्तर पर जुटी, नागरिकों को निर्बाध पेयजल आपूर्ति सर्वोच्च प्राथमिकता

जबलपुर। शहरवासियों को निर्बाध और शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने के संकल्प के साथ नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार सोमवार सुबह तड़के ही परियट जलाशय पहुंच गए। उन्होंने अपर आयुक्त सौरभ मिश्रा तथा तकनीकी अधिकारियों की टीम के साथ मौके पर चल रहे कार्यों का गहन निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जलापूर्ति व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही या विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने कार्यों की प्रगति, मशीनों की कार्यक्षमता तथा तकनीकी व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि शहर के प्रत्येक नागरिक तक नियमित एवं स्वच्छ पेयजल पहुंचाना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए पूरी टीम पूरी क्षमता एवं प्रतिबद्धता के साथ मैदान में कार्य कर रही है।
परियट जलाशय पर वर्तमान में 45 सदस्यीय विशेष टीम अत्याधुनिक मशीनों के साथ युद्धस्तर पर कार्य कर रही है। कार्यों की निगरानी कार्यपालन यंत्री कमलेश श्रीवास्तव एवं जी.एस. मरावी के नेतृत्व में की जा रही है, जबकि सहायक यंत्री राजेश खंपरिया, अनुराग पाठक, अंकुर नाग और अमजद खान मंसूरी सहित तकनीकी अमला लगातार मौके पर डटा हुआ है।
इस अवसर पर निगमायुक्त श्री अहिरवार एवं अधिकारियों ने भगवान भोलेनाथ, हनुमान जी तथा इंद्र देव का विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर शहर में अच्छी वर्षा, सुख-समृद्धि और जलसंकट से मुक्ति की कामना की।
नगर निगम प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि जलापूर्ति व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए सभी आवश्यक कदम तेजी से उठाए जा रहे हैं, ताकि शहरवासियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।









