सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण में जबलपुर प्रदेश के सभी 55 जिलों में अव्वल.
प्रथम समूह के ए रेटिंग वाले जिलों में पाया पहला स्थान.
कलेक्टर ने दी अधिकारियों-कर्मचारियों को बधाई.
——-
सीएम हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायतों के निराकरण में जबलपुर जिले ने एक बार फिर प्रदेश में अव्वल स्थान प्राप्त किया है। जिले ने सितम्बर माह की ग्रेडिंग में न केवल प्रथम समूह के जिलों में ए रेटिंग के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया, बल्कि प्रदेश के सभी 55 जिलों में भी पहला स्थान प्राप्त किया है।
कलेक्टर अरूण कुमार विश्वकर्मा ने जिले को मिली इस उपलब्धि पर सभी विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी है।जबलपुर जिले को इसके पहले सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण में जुलाई 2023 में प्रथम समूह के ए रेटिंग वाले जिलों में प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त हुआ था।
लोकसेवा प्रबंधन विभाग द्वारा आज बुधवार को जारी सितम्बर माह की ग्रेडिंग में 88.46 वेटेज अंक प्राप्त कर सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण में प्रथम समूह के ए रेटिंग वाले जिलों में जबलपुर ने अव्वल स्थान हासिल किया है।
सितम्बर माह में जबलपुर जिले को सीएम हेल्पलाइन से 14 हजार 148 शिकायतें प्राप्त हुई थी। इनमें से 88 फीसदी से अधिक शिकायतों का आवेदकों की संतुष्टि के साथ निराकरण किया गया।
जिले ने आवेदकों की संतुष्टि के साथ निराकरण के लिए निर्धारित 60 अंको में से सितम्बर माह में 52.91 अंक प्राप्त किये। इसके साथ ही 50 दिनों से अधिक समय से लंबित शिकायतों के आवेदकों की संतुष्टि के साथ निराकरण में भी सितम्बर माह में 20 में से 15.67 अंक जिले को प्राप्त हुये है।
सितम्बर माह की ग्रेडिंग में सीएम हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायतों के निराकरण में जबलपुर जिले के बाद प्रथम समूह के जिलों में ए रेटिंग के साथ दतिया को दूसरा और उज्जैन जिले को तीसरा स्थान प्राप्त हुआ है। दतिया जिले को सितम्बर माह की ग्रेडिंग में प्रथम समूह वाले जिलों में 88.15 एवं उज्जैन जिले को 86.41 वेटेज अंक प्राप्त हुये है।
कलेक्टर अरूण कुमार विश्वकर्मा ने सितम्बर माह में सीएम हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायतों के निराकरण में जिले को मिली इस उपलब्धि के लिए सभी विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों को बधाई दी है। श्री विश्वकर्मा ने भविष्य में भी इस उपलब्धि को बरकरार रखने की अपेक्षा करते हुए आम लोगों से प्राप्त शिकायतों के निराकरण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा इसी तरह सतत और निष्ठापूर्वक प्रयास जारी रखने का आग्रह अधिकारियों से किया है।
CM Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav
#JansamparkMP #Jabalpur










