जबलपुर जिला अस्पताल में हार्ट पेशेंट के लिए बड़ी सुविधा शुरू
जबलपुर: जबलपुर जिला अस्पताल विक्टोरिया में हार्ट पेशेंट के लिए मॉडर्न 2 D ईको मशीन से जांच शुरू की गई है। यह सुविधा निशुल्क उपलब्ध होगी और मरीजों को हृदय की जांच के लिए मेडिकल कॉलेज के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।
इस मशीन की विशेषता है कि इसमें लगे विशेष प्रॉब की मदद से नवजात और छोटे बच्चों के जन्मजात हृदय रोगों की भी जांच की जा सकेगी। यह सुविधा अस्पताल के आईसीयू और पीआईसीयू में भर्ती बच्चों के लिए विशेष रूप से लाभदायक होगी।
अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय मिश्रा ने बताया कि यह मशीन हृदय की विस्तृत जांच में सक्षम है और इससे विशेष रूप से सर्जरी से पहले ईको की आवश्यकता वाले मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी।
इस नई सुविधा से न केवल मरीजों का समय और पैसा बचेगा, बल्कि उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं भी मिल सकेंगी। यह कदम जिला अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाओं में एक महत्वपूर्ण सुधार है, जो आम जनता को उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाएं प्रदान करने की दिशा में एक सार्थक पहल है।










