सीतापुरा के नोवाटेल एग्जीबिशन सेंटर में JAS-2024 का भव्य शुभारंभ हुआ। इसका उद्घाटन मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने किया। उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता लाडपुरा विधायक और कोटा पूर्व राजघराने की सदस्य महारानी कल्पना देवी ने की। विशिष्ट अतिथि के तौर पर नेशनल जेम्स ज्वैलरी काउंसिल ऑफ इंडिया के चेयरमैन प्रमोद डेरेवाला ने शिरकत की। ज्वैलर्स एसोसिएशन जयपुर के पूर्व अध्यक्ष निर्मल बरडिया, वर्तमान अध्यक्ष आलोक सोंखिया, उपाध्यक्ष राजू मंगोड़ीवाला, महासचिव नीरज लूणावत, जस संयोजक अशोक माहेश्वरी, सह संयोजक नरेश अग्रोया, और कोषाध्यक्ष गोविंद प्रकाश अग्रवाल भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदर्शनी स्थल का फीता काटकर शुभारंभ किया और दीप प्रज्वलित कर JAS-2024 का औपचारिक उद्घाटन किया। जयपुर ज्वैलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष आलोक सोंखिया, उपाध्यक्ष राजू मंगोड़ीवाला, महासचिव नीरज लूणावत और शो के संयोजक अशोक माहेश्वरी ने मुख्यमंत्री का गुलदस्ता देकर स्वागत किया।
*ज्वैलरी ट्रेड को सरकार का मिलेगा पूरा सहयोग: मुख्यमंत्री*
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान से होने वाले 83,704 करोड़ रुपये के कुल निर्यात में 11,183 करोड़ रुपये की भागीदारी जेम्स-ज्वैलरी कारोबार की है। जयपुर में इस व्यापार को और बढ़ाने के लिए सरकार पूरा सहयोग करेगी। जयपुर से ज्यादा इंटरनेशनल फ्लाइट शुरू की जाएंगी। केंद्र सरकार के सहयोग से जयपुर में जेम्स-ज्वैलरी पार्क विकसित किया जाएगा, जिससे 1 लाख लोगों को रोजगार मिलेगा। जयपुर का रत्नाभूषण व्यापार पूरे देश की शान है। मुख्यमंत्री ने ज्वैलर्स से आग्रह किया कि रत्नाभूषण निर्माण से जुड़े सभी कारीगरों के विकास को भी ध्यान में रखें।
*ज्वैलर्स एसोसिएशन जयपुर के साथ एक रिश्ता बन गया: महारानी कल्पना देवी*
लाडपुरा विधायक महारानी कल्पना देवी ज्वैलरी शो के आयोजन और अपने स्वागत सत्कार से बेहद खुश नजर आईं। उन्होंने कहा कि वे पहली बार जस के ज्वैलरी शो में आईं हैं, लेकिन अब ज्वैलर्स एसोसिएशन के साथ रिश्ता ऐसा बन गया है कि यहां हर बार आना चाहेंगी। उन्होंने कहा कि ज्वैलरी शो जयपुर की ज्वैलरी क्रॉफ्ट, डिजाइन के साथ यहां के हैरीटेज और कल्चर को अंतरराष्ट्रीय मंच प्रदान करता है। जयपुर में रत्नाभूषणों का कारोबार हजार करोड़ का है और इसके माध्यम से 5 लाख लोगों को रोजगार मिलता है।
*जेम बोर्स के लिए सरकार अनुदान राशि करे 250 करोड़: प्रमोद डेरेवाला*
नेशनल जेम्स ज्वैलरी काउंसिल ऑफ इंडिया के चेयरमैन प्रमोद डेरेवाला ने कहा कि ज्वैलर्स एसोसिएशन का गौरवपूर्ण इतिहास है। एसोसिएशन में सभी पदाधिकारी और सदस्य जयपुर में रत्न और जेवरात के व्यापार को बढ़ाने के लिए प्रयास करते हैं। केंद्र सरकार ने बुलियन पर हॉलमार्किंग की जिम्मेदारी एनजीजेसीआई को सौंपी है। प्रमोद डेरेवाला ने मुख्यमंत्री से जेम बोर्स के लिए केंद्र सरकार से सहयोग राशि को 150 करोड़ से बढ़ाकर 250 करोड़ करने की मांग की।
*विकसित भारत और विकसित राजस्थान में जयपुर का जवाहरात व्यवसाय निभाएगा अपनी जिम्मेदारी: आलोक सोंखिया*
ज्वैलर्स एसोसिएशन जयपुर के अध्यक्ष आलोक सोंखिया ने कहा कि ज्वैलर्स एसोसिएशन जयपुर का पुराना गौरवपूर्ण इतिहास है। इस व्यवसाय के माध्यम से 5 लाख लोगों को रोजगार मिलता है। एसोसिएशन जल्द ही जयपुर में जेम कटिंग ट्रेनिंग सेंटर खोलने की योजना बना रहा है। आलोक सोंखिया ने मुख्यमंत्री से जेम बोर्स में सहयोग और प्रदेश के बजट में ज्यादा अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट शुरू करने की मांग की।
*जस-2024 रचेगा सफलता का कीर्तिमान: अशोक माहेश्वरी*
जस-2024 के संयोजक अशोक माहेश्वरी ने कहा कि समय कम था, लेकिन सभी ने मिलकर एक शानदार ज्वैलरी शो के आयोजन का प्रयास किया है। इस शो में 15 सौ रजिस्टर्ड बायर और 6 सौ से ज्यादा होस्टेड बायर आए हैं। माहेश्वरी ने विश्वास जताया कि यहां आने वाले एग्जीबिटर्स और बायर्स दोनों के लिए यह शो बेहद लाभदायक रहेगा। यह शो जयपुर की पहचान को रत्न नगरी के तौर पर अंतरराष्ट्रीय मार्केट में और मजबूत करेगा।
*जस-2024 का भव्यता का नया कीर्तिमान*
इस बार यह शो 40 प्रतिशत ज्यादा विस्तृत और विशाल है। इसमें 275 बूथ पर रंगीन रत्न और खूबसूरत रत्न आभूषणों का नायाब नजारा नजर आ रहा है। इसमें 161 बूथ जेमस्टोन और 114 बूथ ज्वेलरी के हैं। JAS-2024 में जयपुर के सभी प्रतिष्ठित ज्वैलर और रत्न व्यवसायी अपने बूथ लगा रहे हैं, साथ ही दिल्ली, मुंबई, हैदराबाद, कोलकाता, मेरठ जैसे शहरों से भी 14 से ज्यादा एग्जीबिटर्स भाग ले रहे हैं। इस बार जयपुर की कुंदन-मीना-पोलकी जड़ाऊ ज्वेलरी का भव्य प्रदर्शन किया जा रहा है, जिसमें मॉडर्न डिजाइन और लेटेस्ट पैटर्न का प्रदर्शन किया जा रहा है। इसके अलावा डायमंड और जेम स्टोन ज्वेलरी के अब तक के सबसे शानदार डिजाइन इस शो में प्रस्तुत किए जा रहे हैं। शो में स्वर्णाभूषण की विस्तृत रेंज और डिजाइन प्रदर्शित किए गए हैं। सिल्वर ज्वैलरी और ऑर्नामेंट भी देश-विदेश के ट्रेड बायर्स को आकर्षित कर रहे हैं।










