जयपुर, जयपुर दक्षिण की पुलिस टीम ने मोबाइल स्नैचिंग एवं चोरी की घटनाओं पर प्रभावी कार्यवाही करते हुए गैंग के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। इस कार्यवाही में कुल 24 महंगे मोबाइल हैंडसेट बरामद किए गए हैं।
पुलिस उपायुक्त जयपुर दक्षिण दिगंत आनन्द ने बताया कि पुलिस थाना श्याम नगर पर दिनांक 27 अप्रैल 2024 को परिवादिया बीना शर्मा ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। उनके अनुसार, 26 अप्रैल की रात 9:30 बजे, जब वह फोन लेकर जा रही थीं, दो बाइक सवार उनके पीछे से आए और उनका मोबाइल छीनकर फरार हो गए। मोबाइल में एटीएम कार्ड और 500 रुपये की नकदी भी थी। इस घटना के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त पारस जैन और सहायक पुलिस आयुक्त सोडाला योगेश चौधरी के सुपरविजन में, थानाधिकारी कैलाश चन्द मीणा ने एक टीम का गठन किया जिसमे गोपाल चन्द मीणा, पवन कुमार, अजयपाल, और नवीन कुमार शामिल थे।
तकनीकी सहायता से पुलिस ने आरोपी राकेश कर्माकर को गिरफ्तार किया और उसकी सूचना पर एक बाल अपचारी को निरूद्ध किया गया। दोनों से कुल 24 मोबाइल फोन बरामद किए गए।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि राकेश और उसके साथी दौलत बाल्मिकी, राह चलते लोगों के मोबाइल छीनते थे और रात्रि में निर्माणाधीन बिल्डिंगों में जाकर मजदूरों के मोबाइल चोरी करते थे। ये मोबाइल चोखटी मजदूरों को 2 से 5 हजार रुपये में बेच देते थे। आरोपियों ने श्याम नगर, मानसरोवर, मालवीय नगर, वैशाली नगर, जवाहर नगर, और चित्रकूट में मोबाइल छीनने और चोरी की घटनाओं को कबूल किया है।
गिरफ्तार आरोपी राकेश कर्माकर पुत्र निर्मल कर्माकर, उम्र 19 साल, मूल निवासी पश्चिम बंगाल, वर्तमान में जयपुर में किरायेदार के रूप में रह रहा था। इस गिरफ्तारी में अजयपाल और पवन कुमार की सराहनीय भूमिका रही।
इस सफलता से जयपुर शहर में मोबाइल स्नेचिंग और चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने में मदद मिली है। पुलिस टीम की तत्परता और सक्रियता से यह सफलता प्राप्त हुई है।










