मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा झारखंड दौरे पर

---Advertisement---

झारखण्ड मुक्ति मोर्चा के भ्रष्टाचार से झारखंड के वासी त्रस्त

धनबाद, 30 अप्रेल। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश ने हर क्षेत्र में विकास की रफ्तार पकड़ ली है। जहां एक ओर देश में रेलवे तथा सड़कों का ऐतिहासिक विकास हुआ है, वहीं दूसरी ओर मेडिकल कॉलेजों की संख्या में भी 5 गुना वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि झारखण्ड की जनता झामुमो (झारखण्ड मुक्ति मोर्चा) के भ्रष्टाचार से त्रस्त है। चंपई सोरेन की सरकार आदिवासियों के लिए कुछ भी नहीं कर रही है तथा केवल लूट-खसोट में लगी हुई है। जनता ने इस बार लोकसभा चुनावों में झामुमो को हराकर एनडीए को विजयी बनाने का मन बना लिया है।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा मंगलवार को अपने झारखण्ड दौरे के दौरान धनबाद में बीजेपी प्रत्याशी ढुल्लू मेहतो की नामांकन सभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 से पहले देश को भ्रष्टाचार, आतंकवादी घटनाएं, तुष्टिकरण की राजनीति और घोटालों का आए दिन सामना करना पड़ता था। जनता का राजनैतिक लोगों से विश्वास उठ गया था लेकिन मोदी जी के प्रधानमंत्री बनने के बाद देश में परिस्थितियां बदलीं तथा देश विकास के पथ पर अग्रसर होता चला गया। उन्होंने कहा कि मोदी जी गरीब व किसान कल्याण, सीमा सुरक्षा तथा विश्व में देश का मान बढ़ाने की दिशा में लगातार काम कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मोदी जी ने घर-घर शौचालय, किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री जन-धन योजना, हर घर नल से जल, उज्ज्वला योजना जैसी विभिन्न योजनाओं से माताओं, बहनों, किसानों सहित सभी वर्गों को राहत पहुंचाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस से देश के पूर्व प्रधानमंत्री का कहना था कि अगर केन्द्र से एक रुपया भेजा जाता है, तो जनता तक 15 पैसे पहुंचते हैं, जबकि मोदी जी जब 100 रुपए भेजते हैं तो किसान तक पूरे 100 रुपए ही पहुंचते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 500 सालों से रामलला टैन्ट में विराजमान थे। मोदी जी ने अयोध्या में श्री रामलला की भव्य प्राण-प्रतिष्ठा कर करोड़ों भारतीयों के सपनों को साकार किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा भगवान श्रीराम के अस्तित्व को काल्पनिक बताया तथा राम मन्दिर की प्राण-प्रतिष्ठा के निमंत्रण को भी ठुकरा दिया। यही कारण है कि कांग्रेस की स्थिति आज दयनीय हो गई है। आज राजस्थान में कांग्रेस के उम्मीदवार या तो चुनाव लड़ने से मना कर रहे हैं या अपना टिकट वापस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता जिस विचार को लेकर चलता है, वही देश का विचार तथा संस्कृति है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान में वर्ष 2014 तथा 2019 के लोकसभा चुनावों में भाजपा को 25 की 25 सीटें प्राप्त हुई थी तथा वे आश्वस्त हैं कि वर्ष 2024 में भी सभी 25 सीटों पर कमल का फूल खिलेगा। उन्होंने कहा कि इसी तरह झारखण्ड में भी सभी 14 सीटों पर एनडीए विजयी होगी। उन्होंने आमजन से धनबाद प्रत्याशी ढुल्लू मेहतो को अधिक से अधिक मतदान कर विजयी बनाने की अपील की। साथ ही लोगों से ‘पहले मतदान, फिर जलपान’ का आह्वान भी किया।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment