महिला क्लर्क से छेड़छाड़ का आरोप, मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर पर FIR

---Advertisement---

महिला क्लर्क से छेड़छाड़ का आरोप, मेडिकल कॉलेज के डॉक्टर पर FIR

अश्लील मैसेज भेजने और पीछा करने की शिकायत; गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने गठित की टीम

जबलपुर। नेताजी सुभाषचंद्र बोस मेडिकल कॉलेज में पदस्थ एक डॉक्टर के खिलाफ महिला क्लर्क ने छेड़छाड़ करने, पीछा करने और मोबाइल पर अश्लील एवं आपत्तिजनक संदेश भेजने का आरोप लगाया है। महिला की शिकायत पर लार्डगंज पुलिस ने डॉक्टर अजय सिंह ठाकुर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम भी गठित की है।

महिला क्लर्क के अनुसार, डॉक्टर पिछले करीब एक वर्ष से उसे कथित रूप से परेशान कर रहा था। आरोप है कि वह कार्यालय आने-जाने के दौरान उसका पीछा करता था और कई बार उसके केबिन में घंटों बैठा रहता था। महिला ने शिकायत में बताया कि डॉक्टर मोबाइल चैट के माध्यम से आपत्तिजनक बातें करता था और प्रेम का इजहार करते हुए संदेश भेजता था। विरोध करने के बावजूद कथित तौर पर उसकी हरकतें बंद नहीं हुईं।

इसके बाद महिला ने अपने परिजनों को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। मंगलवार रात वह परिवार के सदस्यों के साथ लार्डगंज थाने पहुंची और लिखित शिकायत दर्ज कराई। महिला ने पुलिस को मोबाइल चैट के स्क्रीनशॉट और कॉल रिकॉर्डिंग भी उपलब्ध कराए हैं।

महिला के भाई और डॉक्टर के बीच भी हुआ विवाद

मामले में एक अन्य घटनाक्रम भी सामने आया है। महिला के भाई द्वारा डॉक्टर को समझाने का प्रयास किए जाने के दौरान दोनों के बीच विवाद हो गया। इसके बाद डॉक्टर ने भी लार्डगंज थाने पहुंचकर मारपीट और गाली-गलौज की शिकायत दर्ज कराई। इस शिकायत के आधार पर महिला के भाई के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज की गई है।

गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित

सीएसपी अखिलेश गौर के मुताबिक, महिला की शिकायत और उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी डॉक्टर की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई है।

घटना के सामने आने के बाद मेडिकल कॉलेज में कार्यरत महिला कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों की शिकायतों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है। जांच पूरी होने और पुलिस कार्रवाई के बाद ही मामले की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

विराट 24 न्यूज़ | जबलपुर

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment