नगर निगम के उपयंत्री को 5 हजार की रिश्वत लेते लोकायुक्त ने पकड़ा
इंदौर। नगर निगम के जोन क्रमांक 13 में पदस्थ उपयंत्री हर्ष गहलोत को लोकायुक्त पुलिस ने 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। यह कार्रवाई बुधवार, 28 अक्टूबर को लोकायुक्त एसपी राजेश सहाय के नेतृत्व में की गई।
1.12 लाख रुपये का भुगतान लंबित, बिल पास करने के लिए मांगी रिश्वत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, नायता मुंडला निवासी सोहेल पटेल ने नगर निगम में पानी का टैंकर अटैच कराया था। टैंकर के तीन महीने का कुल 1 लाख 12 हजार 500 रुपये का भुगतान लंबित था। इस राशि का बिल पास कराने के लिए लॉगबुक का सत्यापन आवश्यक था।
आरोप है कि लॉगबुक सत्यापन और बिल पास करने के एवज में उपयंत्री हर्ष गहलोत ने शिकायतकर्ता से 6 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। परेशान होकर सोहेल पटेल ने इसकी शिकायत लोकायुक्त कार्यालय में दर्ज कराई।
चाणक्यपुरी चौराहे पर बिछाया जाल
शिकायत का सत्यापन करने के बाद लोकायुक्त पुलिस ने बुधवार को योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की। टीम ने चाणक्यपुरी चौराहे पर हनुमान मंदिर के सामने शिकायतकर्ता से कथित रूप से 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए उपयंत्री को पकड़ लिया।
लोकायुक्त की इस कार्रवाई के बाद नगर निगम के संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों में हलचल मच गई। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।










