कलेक्टर श्री अरुण कुमार विश्वकर्मा ने सुनीं आमजन की समस्याएं
जनसुनवाई में मिले 171 आवेदन, अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश
जबलपुर। कलेक्टर श्री अरुण कुमार विश्वकर्मा ने मंगलवार को कलेक्टर कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में आम नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवेदनों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई में कुल 171 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें पूर्व में प्रस्तुत किए गए 60 आवेदन भी शामिल हैं।
जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने प्रत्येक आवेदक की समस्या को ध्यानपूर्वक सुना। पेंशन संबंधी समस्या लेकर पहुंची एक दिव्यांग महिला की शिकायत पर उन्होंने संबंधित विभाग को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। दिव्यांग विद्यालय के विद्यार्थियों सहित अन्य आवेदकों की समस्याओं पर भी उन्होंने संवेदनशीलता के साथ विचार किया और उनके शीघ्र निराकरण का आश्वासन दिया।
आवेदकों से स्वयं मिलकर सुनीं समस्याएं
जनसुनवाई के दौरान कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने अपने कक्ष के बाहर पहुंचकर नागरिकों से व्यक्तिगत रूप से भी मुलाकात की और उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक आवेदन पर गंभीरतापूर्वक कार्रवाई की जाए, ताकि आम नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।
विभिन्न समस्याओं से जुड़े आवेदन पहुंचे
जनसुनवाई में नामांतरण, सीमांकन, कब्जे से संबंधित शिकायतें, बिजली बिल, विद्युत लाइन सुधार, संबल अनुग्रह सहायता, निर्माण कार्य रुकवाने, पेंशन, रोजगार उपलब्ध कराने, खसरा में नाम सुधार, री-ज्वाइनिंग नहीं होने, टीसी रोके जाने, धान भुगतान सहित विभिन्न व्यक्तिगत समस्याओं से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए।
कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आवेदनों की प्रकृति के अनुसार आवश्यक कार्रवाई करने तथा पात्र हितग्राहियों को नियमानुसार राहत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई के दौरान अपर कलेक्टर श्री रविशंकर राय, श्री शैलेंद्र सिंह, डिप्टी कलेक्टर श्री अभिषेक सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
#JansamparkMP #Jabalpur #CollectorJabalpur #जनसुनवाई










