जबलपुर में स्वच्छता के लिए दिन-रात मेहनत की, अब भोपाल की तस्वीर संवारने की जिम्मेदारी
तेजतर्रार कार्यशैली और बेहतर समन्वय के लिए पहचाने जाते हैं निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार, राजधानी को उनसे बड़ी उम्मीदें
भोपाल। जबलपुर में स्वच्छता और नगर व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार सक्रिय रहे आईएएस अधिकारी रामप्रकाश अहिरवार ने बुधवार को भोपाल नगर निगम आयुक्त का कार्यभार संभाल लिया। 2018 बैच के अधिकारी अहिरवार ने निगम मुख्यालय अटल भवन में पदभार ग्रहण किया। प्रभारी आयुक्त तन्मय विशिष्ट शर्मा ने उन्हें कार्यभार सौंपा। इस दौरान अपर आयुक्त सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
जबलपुर में मेहनत और सक्रियता से बनाई पहचान
रामप्रकाश अहिरवार की प्रशासनिक कार्यशैली में तेजी, सूझबूझ और अधिकारियों-कर्मचारियों के साथ समन्वय को अहम माना जाता है। जबलपुर में उन्होंने शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के लिए लगातार प्रयास किए। स्वच्छता व्यवस्था पर ध्यान देने से लेकर मैदानी स्तर पर काम की निगरानी तक, उनकी कार्यशैली में सक्रियता दिखाई दी। दिन-रात मेहनत कर व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने की उनकी प्रतिबद्धता उनके कार्यकाल का उल्लेखनीय पक्ष रही।
अब भोपाल की दिशा और दशा सुधारने की चुनौती
प्रदेश की राजधानी भोपाल में नगर निगम आयुक्त की जिम्मेदारी संभालना बड़ी चुनौती है। शहर की सफाई व्यवस्था, कचरा प्रबंधन, नागरिक सुविधाएं और आम लोगों की समस्याओं का समय पर समाधान ऐसे मुद्दे हैं, जिन पर शहरवासियों की नजर रहती है। जबलपुर में काम करने का अनुभव अब भोपाल में उनके लिए उपयोगी साबित हो सकता है।
टीम को साथ लेकर काम करने की उम्मीद
अधिकारियों के साथ समन्वय, परिस्थितियों के अनुसार निर्णय लेने की क्षमता और काम के प्रति गंभीरता किसी भी प्रशासनिक अधिकारी की पहचान बनाती है। अहिरवार से उम्मीद है कि वे इन खूबियों के साथ भोपाल की नगर व्यवस्थाओं को नई गति देंगे। अब देखना होगा कि उनके नेतृत्व में राजधानी की स्वच्छता व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं को किस तरह नई दिशा मिलती है।
अंकित सेन
स्टेट हेड, उजला दर्पण समाचार पत्र, मध्यप्रदेश
फिल्म मेकर एवं राइटर










