दुर्गा पंडालों में अवैध बिजली कनेक्शन लेने पर होगी कार्रवाई, सुरक्षा के इंतजाम करना भी अनिवार्य
महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू और निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार की दुर्गा उत्सव समितियों से अपील, विधिवत अस्थाई विद्युत कनेक्शन लेने के बाद ही करें विद्युत साज-सज्जा
जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर में नवरात्रि पर्व के दौरान मां दुर्गा की आराधना और विभिन्न धार्मिक आयोजनों को सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए नगर निगम प्रशासन ने दुर्गा उत्सव समितियों से विशेष अपील की है। महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू और निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने सभी समितियों के पदाधिकारियों एवं श्रद्धालुओं से आग्रह किया है कि वे पंडालों में विद्युत साज-सज्जा के लिए नियमानुसार अस्थाई बिजली कनेक्शन लें और सुरक्षा के सभी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित करें।
स्ट्रीट लाइट के खंभों से कनेक्शन लेने पर जताई चिंता
नगर निगम के प्रकाश विभाग के कार्यपालन यंत्री नवीन कुमार लोनारे ने बताया कि नवरात्रि पर्व के दौरान कई उत्सव समितियों द्वारा स्ट्रीट लाइट के खंभों से सीधे बिजली कनेक्शन ले लिया जाता है। इस तरह से बिजली का उपयोग करना सुरक्षा की दृष्टि से उचित नहीं है और इससे विद्युत दुर्घटना होने का खतरा बना रहता है।
उन्होंने सभी समितियों से अपील की है कि पंडालों अथवा सार्वजनिक स्थानों पर धार्मिक आयोजन करने के लिए विद्युत मंडल से नियमानुसार अस्थाई विद्युत कनेक्शन प्राप्त करें। कनेक्शन लेने के बाद ही बिजली की व्यवस्था और सजावट का कार्य करें।
दुर्घटना होने पर आयोजकों की होगी जिम्मेदारी
निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार ने स्पष्ट किया कि यदि कोई समिति सीधे स्ट्रीट लाइट के खंभे से अवैध रूप से बिजली कनेक्शन लेकर विद्युत साज-सज्जा करती है और इस दौरान कोई दुर्घटना होती है, तो उसकी जिम्मेदारी नगर निगम पर नहीं होगी। उन्होंने कहा कि सुरक्षा नियमों का पालन नहीं करने और अवैध कनेक्शन लेकर आयोजन करने वाली समितियों के विरुद्ध कार्रवाई की जा सकती है।
प्रशासन ने यह भी कहा कि विद्युत संबंधी लापरवाही से किसी प्रकार की जनहानि या संपत्ति को नुकसान पहुंचने की स्थिति में आयोजकों एवं संबंधित समितियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
सुरक्षित आयोजन, सभी की जिम्मेदारी
नगर निगम प्रशासन ने सभी दुर्गा उत्सव समितियों और धार्मिक आयोजनकर्ताओं से अपील की है कि वे बिजली के तारों, अस्थाई कनेक्शनों और विद्युत उपकरणों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दें। विधिवत विद्युत कनेक्शन और आवश्यक सुरक्षा इंतजामों के साथ ही धार्मिक आयोजन करें, ताकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा बनी रहे और नवरात्रि पर्व शांतिपूर्ण एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।









