सभी पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाये योजनाओं का लाभदिशा समिति की बैठक में सांसद श्री दुबे ने दिये निर्देश

---Advertisement---

गुणवत्ता के साथ समयसीमा में पूरे हों विकास कार्य

सभी पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाये योजनाओं का लाभदिशा समिति की बैठक में सांसद श्री दुबे ने दिये निर्देश
जबलपुर।
जिला समन्‍वय एवं निगरानी (दिशा) समिति की आज सोमवार को सांसद श्री आशीष दुबे की अध्‍यक्षता में आयोजित बैठक में जिले में संचालित केन्‍द्र सरकार की विभिन्‍न योजनाओं एवं कार्यक्रमों के क्रियान्‍वयन की समीक्षा की गई। सांसद श्री दुबे ने बैठक में कहा कि योजनाओं का लाभ प्रत्‍येक पात्र व्‍यक्ति तक पहुंचे और विकास कार्य निर्धारित गुणवत्ता एवं समयसीमा में पूरे हों, यह सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। अधिकारी और जनप्रतिनिधि आपसी संवाद और समन्वय के साथ कार्य करते हुए जिले के विकास को गति दें।

कलेक्‍टर कार्यालय के सभाकक्ष में लगभग पांच घंटे चली इस बैठक में केन्‍द्र शासन की विभिन्न विभागों के माध्‍यम से संचालित योजनाओं, कार्यक्रमों और विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में महापौर श्री जगत बहादुर सिंह अन्नू, विधायक श्री अजय विश्नोई, श्री अशोक रोहाणी, श्री सुशील तिवारी ‘इंदू’, डॉ. अभिलाष पांडे एवं श्री नीरज सिंह, जेडीए अध्यक्ष श्री संदीप जैन, नगर निगम अध्यक्ष श्री रिकुंज विज, भाजपा नगर अध्यक्ष श्री रत्नेश सोनकर तथा जिले की जनपद पंचायतों, नगर पालिका एवं नगर परिषदों के अध्यक्ष उपस्थित थे। कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. आयुष जाखड़, नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक गहलोत, वनमंडलाधिकारी पुनीत सोनकर, अपर कलेक्टर रविशंकर राय एवं शैलेन्‍द्र सिंह तथा सभी विभागों के जिला अधिकारी भी इस बैठक में मौजूद रहे।

बैठक की शुरुआत दिशा समिति की पिछली बैठक में दिए गए निर्देशों और निर्णयों के पालन प्रतिवेदन की समीक्षा से हुई। इसके बाद वर्तमान बैठक के एजेंडे पर विभागवार चर्चा हुई। अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की योजनाओं, कार्यक्रमों और विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी दी। बैठक में ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज, कृषि एवं किसान कल्याण, जल संसाधन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, पशुपालन एवं डेयरी, महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, पेयजल एवं स्वच्छता, शिक्षा, युवा मामले एवं खेल, पर्यटन, सहकारिता, आवास एवं शहरी मामले, विद्युत, यातायात, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण तथा नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विभाग के कार्यों की समीक्षा की गई।

सांसद श्री दुबे ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत पेयजल योजनाओं की समीक्षा करते हुए पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़कों का रेस्टोरेशन का कार्य में सभी तकनीकी मापदंडों का पालन सुनिश्चित करने तथा सभी जरूरी कार्य पूरे होने के बाद ही योजनाओं को हैंडओवर करनें के निर्देश दिये।

श्री दुबे ने स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए स्वास्थ्य संस्थाओं में आवश्यक चिकित्सकीय सेवाएं और स्टाफ की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्‍होंने कहा कि मरीजों को समय पर एम्‍बुलेंस की सुविधा उपलब्‍ध हो इस पर विशेष ध्‍यान दिया जाये। सांसद ने राष्‍ट्रीय स्‍वास्‍थ्‍य कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्‍वयन पर जोर दिया। उन्‍होंने जिला अस्पताल में रात्रि के समय एक्स-रे एवं मेडिको लीगल मामलों के लिए आवश्यक तकनीकी एवं चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध रखे जाने के भी चिकित्‍सा अधिकारियों को निर्देशि‍त किया।

बैठक में यातायात विभाग की समीक्षा के दौरान आईटीएम प्रणाली को और प्रभावी बनाने तथा यातायात नियमों का सख्‍ती से पालन कराने पर जोर दिया गया। सांसद श्री दुबे ने दुर्घटना संभावित क्षेत्रों और प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक सिग्नल, रिफ्लेक्टर तथा अन्य सुरक्षा उपायों को बेहतर बनाने के निर्देश दिए। शहर के प्रमुख बाजार क्षेत्रों में यातायात को सुगम बनाने के लिए मालवीय चौक से कोतवाली तथा पांडे चौक से अंधेरदेव क्षेत्र तक वन-वे ट्रैफिक की संभावनाओं पर भी बैठक में चर्चा की गई। इस बारे में व्यापारियों से संवाद कर उनके सुझाव लेने और समग्र यातायात प्लान तैयार करने के निर्देश दिए गए।

समिति के सदस्‍यों ने शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने ई-रिक्शा के रूट निर्धारित करने और कलर कोडिंग करने तथा मुकादमगंज स्थित थोक किराना बाजार को उपयुक्‍त स्थान पर स्‍थानांतरित करने एवं बल्देवबाग के ट्रांसपोर्ट व्यवसाय को ट्रांसपोर्ट नगर में शिफ्ट करने के सुझाव भी दिये।

सांसद श्री दुबे ने राष्‍ट्रीय राजमार्ग के अंतर्गत आने वाली सड़कों के नियमित रखरखाव की समीक्षा करते हुए आगामी त्यौहारों के मद्देनजर सड़कों के सुधार का कार्य शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्‍होंने विद्युत विभाग की समीक्षा के दौरान नए उपकेंद्रों, 33 केवी लाइनों, ग्रामीण विद्युत अधोसंरचना सहित अन्य विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्‍होंने प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक नागरिकों को योजना से जोड़ने के निर्देश दिए।

खाद, बीज और अन्य कृषि आदानों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने किसान कल्‍याण तथा कृषि विकास विभाग द्वारा की जा रही आकस्मिक निरीक्षण कार्यवाही का ब्‍यौरा भी सांसद श्री दुबे ने बैठक में लिया। उन्‍होंने किसानों को गुणवत्‍तापूर्ण खाद एवं बीज की उपलब्‍धता सुनिश्चित करने की हिदायत देते हुए आकस्मिक निरीक्षण की कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए। श्री दुबे ने हिरन जल संसाधन संभाग के अंतर्गत बड़ादेव सिंचाई परियोजना के कार्यों में तेजी लाने तथा किसानों और ग्रामीणों को समय पर सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

बैठक में पंचायतों के राजस्व में वृद्धि के लिए किये जा रहे प्रयासों की समीक्षा की गई। पंचायतों को संपत्ति मूल्यांकन एवं कर निर्धारण की प्रक्रिया की जानकारी देने तथा बड़े व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, गोदामों, होटल और अन्य वाणिज्यिक परिसरों से नियमानुसार संपत्ति कर वसूलने पर जोर दिया गया। महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यों की समीक्षा के दौरान समिति के सदस्‍यों ने आंगनवाड़ी केंद्रों को स्वच्छ, सुरक्षित और बच्चों के ज्‍यादा अनुकूल बनाने तथा किराए के भवनों में संचालित आंगनवाड़ी केंद्रों के लिए स्‍वयं के भवन के निर्माण अथवा स्‍कूलों में रिक्‍त कक्षों में स्‍थापित करने का सुझाव दिया।

बैठक में जिले में पर्यटन सुविधाओं के विस्‍तार की दृष्टि से किये जा रहे विभिन्‍न विकास कार्यों पर भी चर्चा की गई तथा रानी दुर्गावती स्मारक एवं संग्रहालय तथा हनुमानताल के सौंदर्यीकरण की दिशा में हुई प्रगति का ब्‍यौरा लिया गया। बैठक में बताया गया कि रानी दुर्गावती स्‍मारक एवं संग्रहालय के निर्माण का कार्य प्रारंभ हो गया है। सांसद श्री दुबे ने हनुमानताल सौंदर्यीकरण की निविदा और अनुबंध प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए।

बैठक में शहर की साफ-सफाई व्यवस्था पर चर्चा के दौरान घर-घर कचरा संग्रहण को प्रभावी बनाने, वाहनों की उपलब्धता और कचरा उठाव की व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए गए। नालियों से निकलने वाले कचरे का तत्काल उठाव सुनिश्चित करने तथा शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के लिए लगातार कार्य करने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में रेलवे से संबंधित कार्यों की समीक्षा के दौरान कछपुरा मालगोदाम तक भारी वाहनों के सुगम आवागमन के लिए वैकल्पिक मार्ग विकसित करने की संभावनाओं पर चर्चा की गई। मालगोदाम तक बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने और शहर में यातायात को सुगम बनाने के लिए आवश्यक कार्ययोजना तैयार करने तथा लोडिंग-अनलोडिंग व्यवस्था को समयबद्ध और व्यवस्थित करने पर जोर दिया गया।

कलेक्टर श्री राघवेन्द्र सिंह ने विभिन्न विभागों की योजनाओं और कार्यों की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि समिति के सदस्‍यों द्वारा बैठक में दिए गए सुझावों और निर्देशों पर संबंधित विभागों के माध्यम से समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जायेगी। कलेक्‍टर ने अधिकारियों को दिशा समिति की बैठक में लिए गए निर्णयों और दिए गए निर्देशों को प्राथमिकता से क्रियान्वित करने तथा जिन कार्यों में विभागीय समन्वय, प्रस्ताव अथवा शासन स्तर से अनुमति की आवश्यकता है, उन्हें आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।

Ashish Dubey Jagat Bahadur Singh Annu Ajay Vishnoi
Ashok Rohani Indu Tiwari Abhilash Pandey
#JansamparkMP #jabalpur

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment