पिसनहारी मढ़िया के पास महिला से लूट का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
चाकू दिखाकर छीनी थी सोने की चेन और मंगलसूत्र, करीब 5 लाख का माल बरामद

जबलपुर। थाना गढ़ा क्षेत्र में महिला से चाकू की नोक पर हुई लूट का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से छीनी गई सोने की चेन, मंगलसूत्र का पेंडल और टूटी हुई चेन के दो टुकड़े, कुल करीब 33.27 ग्राम सोना, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और चाकू बरामद किया है। पुलिस के अनुसार बरामद संपत्ति की कीमत करीब 5 लाख रुपये है।
पुलिस के मुताबिक 11 सितंबर 2026 की रात न्यू शास्त्री नगर तिलवारा निवासी 37 वर्षीय आरती ठाकुर अपनी मां के साथ स्कूटी से गढ़ा सामुदायिक भवन में आयोजित जन्मदिन समारोह से वापस लौट रही थीं। उनके पिता भी मोटरसाइकिल से कुछ दूरी पर पीछे चल रहे थे।
रात करीब 9:45 बजे पिसनहारी मढ़िया के पहले मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने उनकी स्कूटी के सामने बाइक लगाकर रास्ता रोक लिया। आरोप है कि पीछे बैठे युवक ने चाकू निकालकर सोने की चेन और मंगलसूत्र नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपियों ने गहने छीन लिए और मेडिकल की ओर फरार हो गए।
घटना की रिपोर्ट पर थाना गढ़ा में धारा 309(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा मुखबिरों को सक्रिय किया। फुटेज और सूचना के आधार पर पुलिस ने राकेश झारिया (26), निवासी आजाद नगर सूपाताल गढ़ा और सलमान शाह (22), निवासी आजाद नगर सूपाताल गढ़ा को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में दोनों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। उनकी निशानदेही पर लूटी गई सोने की चेन, मंगलसूत्र का पेंडल, मंगलसूत्र की चेन के दो टूटे टुकड़े, चाकू और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तारी में इनकी रही भूमिका: थाना प्रभारी गढ़ा प्रसन्न शर्मा, उप निरीक्षक संजय गुर्जर, प्रधान आरक्षक ज्ञानेंद्र और आरक्षक गौरव की सराहनीय भूमिका रही।










