कुंडम में अवैध शराब परिवहन का खुलासा, कार चालक गिरफ्तार
35 कार्टून में 1750 पाव देशी शराब जब्त, डेढ़ लाख की शराब और बलेनो कार पुलिस के कब्जे में
जबलपुर। अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कुंडम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक कार चालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 35 कार्टून में 1750 पाव देशी शराब बरामद की है। शराब की कीमत करीब 1.50 लाख रुपये बताई गई है। शराब के परिवहन में प्रयुक्त बलेनो कार भी पुलिस ने जब्त कर ली है।
पुलिस अधीक्षक जबलपुर श्री सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर जिले में अवैध शराब एवं मादक पदार्थों के कारोबार में लिप्त लोगों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जोन-4 सुश्री अंजना तिवारी एवं उप पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीमती आकांक्षा उपाध्याय के मार्गदर्शन में थाना कुंडम पुलिस ने यह कार्रवाई की।
संदिग्ध हालत में खड़ी मिली कार
थाना प्रभारी कुंडम श्री सतीश कुमार अंधवान के अनुसार पुलिस टीम पेट्रोलिंग पर थी। इसी दौरान ग्राम समनापुर की कच्ची सड़क पर कुएं के पास एक बलेनो कार क्रमांक MP 20 XG 3474 संदिग्ध हालत में खड़ी होने की सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंची तो कार के आसपास चालक नहीं मिला। ग्रामीणों की मदद से कार को ट्रैक्टर से टोचन कर थाने लाया गया।
पुलिस ने वाहन की जांच के बाद वाहन स्वामी से संपर्क किया। पूछताछ में कार को किराये पर चलाने के लिए दिए जाने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने वाहन चालक की तलाश शुरू की और उसे रांझी स्थित उसके निवास से पकड़ लिया।
कार में मिले शराब के 35 कार्टून
पुलिस के अनुसार पूछताछ में चालक ने अपना नाम अनुष कोल पिता सुरेश कोल, निवासी कोलियाना मोहल्ला, मड़ई, रांझी बताया। चालक से कार की चाबी लेकर तलाशी ली गई तो अंदर खाकी रंग के कार्टून रखे मिले। कार से कुल 35 कार्टून में 1750 पाव देशी शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 50 हजार रुपये है।
पुलिस ने शराब और परिवहन में प्रयुक्त बलेनो कार जब्त कर आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया है। शराब कहां से और किस व्यक्ति से प्राप्त की गई थी, इस संबंध में आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
आरोपी चालक की तलाश कर गिरफ्तारी और अवैध शराब जब्ती की कार्रवाई में प्रधान आरक्षक शरदधर दुबे, महेन्द्र मरावी एवं आरक्षक विनीत चौकसे की महत्वपूर्ण भूमिका रही।










