मेरा स्वागत गड्ढों से हुआ, निगम में अब करप्शन नहीं चलेगा—मुझे जीरो करप्शन चाहिए’ नवागत निगमायुक्त डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा का दो-टूक संदेश

---Advertisement---

‘मेरा स्वागत गड्ढों से हुआ, निगम में अब करप्शन नहीं चलेगा—मुझे जीरो करप्शन चाहिए’ नवागत निगमायुक्त डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा का दो-टूक संदेश

सड़कों की बदहाली, अतिक्रमण और कर वसूली को लेकर सख्त तेवर; अधिकारियों को टीम भावना से काम करने के निर्देश

सतना। नगर निगम सतना के नवागत निगमायुक्त डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा ने सोमवार को पदभार ग्रहण करते ही अपने तेवर स्पष्ट कर दिए। पदभार संभालने के बाद उन्होंने शहर के विभिन्न क्षेत्रों का मैदानी निरीक्षण किया और जलभराव वाले इलाकों सहित कई स्थानों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इसके बाद निगम अधिकारियों एवं कर्मचारियों की परिचयात्मक बैठक लेकर शहर की व्यवस्थाओं और कार्यप्रणाली को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निगमायुक्त ने कहा कि सतना पहुंचते ही उनका स्वागत सड़क के गड्ढों से हुआ। उन्होंने शहर की सड़कों की खराब स्थिति पर चिंता जताते हुए अधिकारियों को सुधार की दिशा में प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए सभी अधिकारी और कर्मचारी टीम भावना के साथ काम करें तथा बेहतर कार्यों के माध्यम से सतना की नकारात्मक छवि को बदलने का प्रयास करें।

‘मुझे जीरो करप्शन चाहिए’

भ्रष्टाचार को लेकर निगमायुक्त डॉ. गौड़ा ने बेहद स्पष्ट और सख्त संदेश दिया। उन्होंने कहा कि नगर निगम में जीरो करप्शन चाहिए। किसी भी प्रकार की सिफारिश या फेवर स्वीकार नहीं किया जाएगा। अधिकारियों और कर्मचारियों को उनकी योग्यता, क्षमता और कार्यकुशलता के अनुसार जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी।

उन्होंने कार्यसंस्कृति में जातिवाद और आंतरिक राजनीति से दूर रहने की बात कहते हुए अधिकारियों-कर्मचारियों से केवल जनहित और निगम के कार्यों पर ध्यान केंद्रित करने को कहा।

साइकिल ट्रैक पर अतिक्रमण पर नाराजगी

निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने साइकिल ट्रैक पर हो रहे अतिक्रमण और वहां लगने वाले बाजार को लेकर भी नाराजगी जताई। उन्होंने शहर की सार्वजनिक सुविधाओं और निर्धारित स्थानों को अतिक्रमण से मुक्त रखने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

इसके साथ ही नगर निगम की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए जलकर और अन्य करों की वसूली बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों से राजस्व वसूली में तेजी लाने तथा लंबित बकायों की प्रभावी समीक्षा करने को कहा।

पदभार ग्रहण करने के बाद निगमायुक्त ने महापौर योगेश ताम्रकार से मुलाकात की और शहर की प्राथमिकताओं एवं विकास कार्यों को लेकर चर्चा की। इसके बाद उन्होंने स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर नमन किया।

नवागत निगमायुक्त के शुरुआती तेवरों से साफ है कि उनकी प्राथमिकता सड़क, स्वच्छता, अतिक्रमण, राजस्व वसूली और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने की है। अब इन सख्त निर्देशों का जमीनी स्तर पर कितना असर दिखाई देता है, यह आने वाले दिनों में देखने वाली बात होगी।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment