खमरिया ऑर्डनेंस फैक्ट्री में बारूद भरते समय हादसा, कर्मचारी का हाथ झुलसा
जबलपुर। ऑर्डनेंस फैक्ट्री खमरिया में काम के दौरान सोमवार को एक कर्मचारी के हाथ झुलसने का मामला सामने आया। हादसा फैक्ट्री के फीलिंग-2 सेक्शन में हुआ। अचानक चिंगारी निकलने से कर्मचारी वासुदेव राम का हाथ झुलस गया। घटना के बाद फैक्ट्री परिसर में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
जानकारी के मुताबिक, वासुदेव राम फीलिंग-2 सेक्शन में खोखे में बारूद भरने का काम कर रहा था। इसी दौरान अचानक चिंगारी निकल गई, जिसकी चपेट में आने से उसका हाथ झुलस गया। हादसे के तुरंत बाद साथी कर्मचारियों ने उसे फैक्ट्री अस्पताल पहुंचाया।
फैक्ट्री अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद कर्मचारी को बेहतर उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि फिलहाल उसकी हालत स्थिर है।
साथी कर्मचारी शिवेंद्र रजक के अनुसार, काम के दौरान अचानक चिंगारी निकलने से यह हादसा हुआ। हालांकि चिंगारी किस वजह से निकली और हादसे के पीछे तकनीकी या अन्य कारण क्या था, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है।
हादसे के बाद फैक्ट्री की सुरक्षा व्यवस्था और कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। घटना की वास्तविक वजह जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।










