जनविश्वास अभियान में घर-आंगन तक पहुंचा प्रशासन, मौके पर सुलझीं समस्याएं

---Advertisement---

जनविश्वास अभियान में घर-आंगन तक पहुंचा प्रशासन, मौके पर सुलझीं समस्याएं

जबलपुर। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान ने प्रशासन और आमजन के बीच संवाद की दूरी को कम करते हुए शासन की योजनाओं और सेवाओं को सीधे नागरिकों के द्वार तक पहुंचाने की पहल को गति दी है। अभियान के तहत कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह एवं निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार के नेतृत्व में प्रशासनिक अधिकारियों और नगर निगम के दलों ने विभिन्न क्षेत्रों में पैदल भ्रमण कर नागरिकों से सीधा संवाद किया और अनेक समस्याओं का मौके पर ही निराकरण कराया।

 

अभियान के दौरान सफाई, पेयजल, लोककर्म, प्रकाश व्यवस्था और विभिन्न शासकीय योजनाओं से संबंधित समस्याओं को प्राथमिकता से लिया गया। अधिकारियों ने नागरिकों की शिकायतें सुनीं और संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश देते हुए कई कार्य मौके पर ही पूरे कराए।

 

105 हितग्राहियों को मिला योजनाओं का लाभ

 

मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों का संतुष्टिपूर्ण निराकरण कराने के साथ ही शासन की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से 105 हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। बस्तियों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के साथ नए नल कनेक्शन दिए गए तथा मौसमी बीमारियों की रोकथाम के लिए सघन छिड़काव अभियान भी चलाया गया।

 

गंदे पानी की शिकायत पर बदली पाइपलाइन

 

उत्तर-मध्य विधानसभा क्षेत्र के हनुमानताल वार्ड में राजा रसगुल्ला के पास गंदे पानी की शिकायत सामने आने पर पुरानी पाइपलाइन को बंद कर नई पाइपलाइन का विस्तार कराया गया और नए नल कनेक्शन दिए गए। इसके साथ नाले की सफाई तथा दवा का छिड़काव भी कराया गया।

 

नर्मदा नर्सरी स्कूल से साठिया कुआं तक क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत कराई गई। मौलाना अब्दुल कलाम आजाद वार्ड के खाई मोहल्ला में क्षतिग्रस्त नाली का चैंबर बदलकर नया चैंबर लगाया गया।

 

बंद स्ट्रीट लाइटें हुईं दुरुस्त

 

साठिया कुआं, लाल स्कूल, गोविंदगंज, शहीद अशफाकउल्लाह खां वार्ड, छोटी मस्जिद और बैग की दुकान के पास बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को ठीक कराया गया तथा आवश्यकता वाले स्थानों पर नई लाइटें लगवाई गईं।

 

अभियान के दौरान अपर आयुक्तों, उपायुक्तों, सहायक आयुक्तों, अधीक्षण यंत्रियों, कार्यपालन यंत्रियों एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने क्षेत्र में पैदल भ्रमण कर नागरिकों से संवाद किया। प्रशासनिक अमले की इस मैदानी सक्रियता से नागरिकों में शासन-प्रशासन के प्रति विश्वास मजबूत हुआ।

 

आज जनसंवाद के साथ उद्यम संवाद

 

14 अगस्त को प्रातः 10 बजे से उत्तर-मध्य विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न वार्डों में जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी भ्रमण करेंगे। इसके बाद अपराह्न 3 बजे से विजयनगर स्थित अग्रसेन मंडपम परिसर में शिविर के साथ उद्यम संवाद आयोजित किया जाएगा। इसमें नागरिकों की समस्याओं के समाधान के साथ उद्यमियों से विकास, रोजगार और औद्योगिक गतिविधियों को गति देने से जुड़े विषयों पर संवाद होगा।

 

मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान का मूल उद्देश्य स्पष्ट है—प्रशासन कार्यालयों से निकलकर जनता के बीच पहुंचे, समस्याएं सुने और यथासंभव समाधान भी उसी स्थान पर सुनिश्चित करे।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment