चपरासी से बाबू बना कर्मचारी, करोड़ों की संपत्ति का खुलासा; लोकायुक्त की छापेमारी

---Advertisement---

चपरासी से बाबू बना कर्मचारी, 6 करोड़ की संपत्ति का खुलासा

 

लोकायुक्त की छापेमारी में जमीन, मकान और फार्म हाउस मिले; आय से 543.19 प्रतिशत अधिक संपत्ति

 

जबलपुर। चपरासी से सहायक ग्रेड-2 बने सुभाष शर्मा के ठिकानों पर लोकायुक्त की टीम ने शनिवार तड़के छापामार कार्रवाई की। आय से अधिक संपत्ति की शिकायत पर की गई कार्रवाई में प्रारंभिक जांच के दौरान करीब 6 करोड़ रुपये की अनुपातहीन संपत्ति सामने आने की बात कही गई है। लोकायुक्त की टीम ने जबलपुर स्थित उनके निवास, फार्म हाउस सहित तीन ठिकानों पर दस्तावेज और संपत्तियों की जांच की।

 

सुभाष शर्मा वर्तमान में क्षेत्रीय ग्रामीण विकास एवं पंचायत राज प्रशिक्षण केंद्र, सिवनी में सहायक ग्रेड-2 के पद पर पदस्थ हैं। लोकायुक्त संगठन को उनके द्वारा आय से अधिक संपत्ति अर्जित किए जाने की शिकायत मिली थी। निरीक्षक जितेंद्र यादव द्वारा शिकायत का सत्यापन किया गया। प्रथम दृष्टया शिकायत सही पाए जाने के बाद भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

 

पत्नी के नाम पर कई संपत्तियां

 

छापे के दौरान सुभाष शर्मा और उनकी पत्नी शीला शर्मा के नाम पर ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि भूमि, शहरी क्षेत्रों में प्लॉट, मकान और फार्म हाउस की जानकारी सामने आई। पाटन तहसील के लोहारी और मुरगवां, आधारताल तहसील के गोहलपुर तथा करमेता क्षेत्र में विभिन्न संपत्तियां होने की जानकारी जांच में सामने आई है।

 

अम्बेडकर कॉलोनी में करीब 4800 वर्गफुट निर्मित दो मंजिला मकान, पारस कॉलोनी में एक अन्य मकान और लोहारी में करीब 3000 वर्गफुट में निर्मित फार्म हाउस भी जांच के दायरे में हैं।

 

आय से 543.19 प्रतिशत अधिक संपत्ति

 

लोकायुक्त के अनुसार प्रारंभिक जांच में आरोपी की कुल आय की तुलना में 543.19 प्रतिशत अनुपातहीन संपत्ति पाए जाने की बात सामने आई है। टीम द्वारा संपत्तियों के दस्तावेज, निर्माण लागत और अन्य वित्तीय रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। छापामार कार्रवाई जारी है और जांच पूरी होने के बाद संपत्ति की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment