जबलपुर। खितौला थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच ने नकबजनी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 31 लाख 65 हजार 200 रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण, चोरी के पैसों से खरीदी गई अल्टो और होंडा अमेज कार, तथा 54 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में अंकित कोरी (22), आकाश पटेल (28) और शनि पटेल (18) निवासी ग्राम भरदा पड़रिया, थाना पनागर शामिल हैं।
पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय के निर्देश पर जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अनु वेनिवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अपराध जितेंद्र सिंह, प्रभारी एसडीओपी लोकेश डाबर, डीएसपी क्राइम उदयभान बागरी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी चंद्रकांत झा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
ऐसे हुई थी वारदात
12 जून 2026 को पालीवाल कॉलोनी निवासी कमल नारायण सोनी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोर उनके सूने मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और लाखों रुपये नकद चोरी कर ले गए। मामले में थाना खितौला में अपराध क्रमांक 169/26 के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
तकनीकी जांच से मिले सुराग
जांच के दौरान पुलिस ने डॉग स्क्वॉड, फिंगरप्रिंट और एफएसएल टीम की मदद ली। साथ ही अचानक आर्थिक स्थिति में बदलाव वाले संदिग्ध लोगों पर निगरानी रखी गई। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम भरदा पड़रिया के तीन युवकों ने अचानक महंगी कारें खरीदी हैं और चोरी के जेवर बेचने की कोशिश कर रहे हैं।
पूछताछ में कबूला अपराध
पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने खितौला क्षेत्र के सूने मकान में चोरी करना स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर 212.3 ग्राम सोने के आभूषण, 808.8 ग्राम चांदी के आभूषण, चोरी के पैसों से खरीदी गई अल्टो और होंडा अमेज कार, तथा 54 हजार रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस ने अन्य मामलों से जुड़े आभूषण भी जब्त किए हैं और आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लेने की कार्रवाई की जा रही है।
इनकी रही अहम भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी चंद्रकांत झा, उप निरीक्षक रामवरण मिश्रा, सहायक उप निरीक्षक कैलाश मिश्रा, मोहन तिवारी, प्रधान आरक्षक हितेंद्र रावत, आरक्षक ओमप्रकाश, परमजीत यादव, रुस्तम अली, सत्येंद्र बिसेन, पंकज सिंह, रितेश शुक्ला तथा साइबर सेल के उप निरीक्षक कपूर सिंह की सराहनीय भूमिका रही।










