जबलपुर में स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई: डॉ. लाल पैथलैब्स का सैंपल कलेक्शन सेंटर सील, जनता पाइल्स आयुर्वेदिक हॉस्पिटल को नोटिस

---Advertisement---

जबलपुर में स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई: डॉ. लाल पैथलैब्स का सैंपल कलेक्शन सेंटर सील, जनता पाइल्स आयुर्वेदिक हॉस्पिटल को नोटिस

जबलपुर। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. नवीन कोठारी के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने शहर में संचालित निजी स्वास्थ्य संस्थानों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। काँचघर स्थित डॉ. लाल पैथलैब्स के सैंपल कलेक्शन सेंटर में गंभीर अनियमितताएं मिलने पर उसे तत्काल सील कर दिया गया, जबकि लेबर चौक, स्नेह नगर स्थित जनता पाइल्स आयुर्वेदिक हॉस्पिटल को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।

स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त जांच टीम में ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. अमिता जैन, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जया श्रीवास्तव, जिला मीडिया अधिकारी अजय कुरील एवं सदस्य विकास श्रीवास्तव शामिल रहे। काँचघर स्थित डॉ. लाल पैथलैब्स सैंपल कलेक्शन सेंटर के औचक निरीक्षण में बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन से संबंधित आवश्यक रजिस्टर उपलब्ध नहीं मिला। साथ ही वहां कार्यरत टेक्नीशियन के पास न्यू दिल्ली पैरामेडिकल काउंसिल अथवा मध्यप्रदेश पैरामेडिकल काउंसिल का वैध पंजीयन भी नहीं पाया गया। इन गंभीर कमियों को देखते हुए सेंटर को तत्काल सील कर दिया गया तथा संचालक को तीन दिवस के भीतर सभी आवश्यक दस्तावेजों और कर्मचारियों के अभिलेखों सहित सीएमएचओ कार्यालय में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।

इसी क्रम में सीएमएचओ डॉ. नवीन कोठारी ने लेबर चौक स्थित जनता पाइल्स आयुर्वेदिक हॉस्पिटल का भी औचक निरीक्षण कराया। जांच में अस्पताल का पंजीयन आयुर्वेदिक उपचार के लिए होना पाया गया, जबकि परिसर में एलोपैथिक दवाइयां रखी मिलीं। बायोमेडिकल वेस्ट का पंजीयन तो मिला, लेकिन उससे संबंधित मेंटेनेंस रजिस्टर उपलब्ध नहीं था। इन अनियमितताओं पर अस्पताल प्रबंधन को नोटिस जारी कर तीन दिनों के भीतर अस्पताल के पंजीयन, स्टाफ की शैक्षणिक योग्यता एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि निजी स्वास्थ्य संस्थानों में नियमों के उल्लंघन पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि मरीजों को सुरक्षित और मानकों के अनुरूप स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment