54 हजार की नौकरी, 2.13 करोड़ की संपत्ति! एमवाय अस्पताल के फार्मासिस्ट पर EOW का शिकंजा
इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर स्थित एमवाय अस्पताल में पदस्थ फार्मासिस्ट राकेश गौरवे के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच में राकेश गौरवे और उनके परिवार के पास ज्ञात आय की तुलना में लगभग 108 प्रतिशत अधिक संपत्ति होने का दावा किया गया है।
EOW के अनुसार, राकेश गौरवे और उनके परिवार के नाम पर करीब 2 करोड़ 13 लाख 85 हजार रुपये की चल एवं अचल संपत्ति का पता चला है, जबकि उनकी कुल वैध आय 1 करोड़ 11 लाख 31 हजार 383 रुपये आंकी गई है।
जांच में सामने आया कि राकेश गौरवे की नियुक्ति वर्ष 2007 में हुई थी। वर्ष 2015 में उनका मासिक वेतन 18,711 रुपये था, जो वर्ष 2025 तक बढ़कर 54,664 रुपये हो गया। उनकी पत्नी मीनाक्षी गौरवे भी वर्ष 2010 से स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत हैं और वर्तमान में उनका मासिक वेतन 42,402 रुपये बताया गया है।
EOW की छापेमारी के दौरान इंदौर में पांच प्लॉट, एक दो मंजिला मकान, 1.51 लाख रुपये नकद तथा संपत्तियों से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद किए गए हैं। जांच एजेंसी सरकारी दवा स्टॉक में संभावित अनियमितताओं और विदेश यात्राओं, विशेषकर थाईलैंड यात्रा, से जुड़े पहलुओं की भी पड़ताल कर रही है।
फिलहाल EOW मामले की विस्तृत जांच में जुटी है। वहीं इस कार्रवाई के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप की स्थिति है। हालांकि, इस पूरे मामले पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।










