कलेक्टर, एसपी और नगर निगम आयुक्त ने किया कैलाशधाम का निरीक्षण, संस्कार कांवड़ यात्रा की तैयारियों का लिया जायजा
जबलपुर। श्रावण माह के द्वितीय सोमवार (10 अगस्त) को आयोजित होने वाली संस्कार कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। यात्रा की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए कलेक्टर राघवेंद्र सिंह, पुलिस अधीक्षक सम्पत उपाध्याय तथा नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने खमरिया-मटामर स्थित कैलाशधाम मंदिर का संयुक्त निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बैरिकेडिंग, वैकल्पिक यातायात मार्ग, सुरक्षा व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, स्वच्छता एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ विस्तृत चर्चा की। उन्होंने सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
संस्कार कांवड़ यात्रा 10 अगस्त 2026 को सुबह 7 बजे ग्वारीघाट स्थित मां नर्मदा तट से प्रारंभ होगी। यात्रा बादशाह हलवाई मंदिर, रामपुर चौक, छोटी लाइन फाटक, शास्त्री ब्रिज, तीन पत्ती चौक, मालवीय चौक, बड़ा फुहारा, सराफा चौक, बेलबाग तिराहा, घमापुर चौक, कांचघर, सतपुला ब्रिज, पनेहरा पेट्रोल पंप, गोकलपुर, रांझी और खमरिया बाजार से होते हुए मटामर स्थित कैलाशधाम मंदिर पहुंचेगी, जहां इसका समापन होगा।
निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आयुष जाखड़, नगर पुलिस अधीक्षक सतीश साहू, थाना प्रभारी राजकुमार खटीक सहित प्रशासन, नगर निगम और एमपीईबी के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा, यातायात प्रबंधन एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।










