बिजली कनेक्शन के नाम पर ₹10 हजार की रिश्वत मांगने का आरोप, कांग्रेस ने सौंपे सबूत; 24 घंटे में कार्रवाई नहीं हुई तो होगा अनिश्चितकालीन धरनाजबलपुर। शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सौरभ नाटी शर्मा ने मध्यप्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के साउथ डिवीजन में नए बिजली कनेक्शन के नाम पर कथित भ्रष्टाचार का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने दावा किया कि एक गरीब ई-रिक्शा चालक से नया बिजली कनेक्शन जारी करने के एवज में विभाग के एक लाइनमैन द्वारा ₹10 हजार की अवैध राशि की मांग की गई। इस संबंध में बातचीत की रिकॉर्डिंग सहित अन्य साक्ष्य अधीक्षण अभियंता, शहर पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड, मिशन कंपाउंड, जबलपुर को सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की गई है। सौरभ शर्मा ने बताया कि शिकायत में साउथ डिवीजन के लाइनमैन अरुण विश्वकर्मा का नाम उल्लेखित है। उन्होंने मांग की है कि संबंधित कर्मचारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर पूरे मामले की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कराई जाए, ताकि दोषी पाए जाने पर उसके विरुद्ध कठोर विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई हो सके। उनका कहना है कि यदि शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होती है तो इससे भ्रष्टाचार को संरक्षण मिलने का संदेश जाएगा।उन्होंने आरोप लगाया कि गरीब और जरूरतमंद लोगों से बिजली जैसी मूलभूत सुविधा उपलब्ध कराने के नाम पर अवैध वसूली की शिकायतें लगातार सामने आती रही हैं। ऐसे मामलों से आम नागरिकों का सरकारी व्यवस्था पर विश्वास कमजोर होता है। उन्होंने कहा कि यदि विभाग में भ्रष्टाचार पर समय रहते अंकुश नहीं लगाया गया तो इसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ेगा। कांग्रेस नेता ने अधीक्षण अभियंता को 24 घंटे का समय देते हुए चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर ठोस और प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, तो मिशन कंपाउंड स्थित अधीक्षण अभियंता कार्यालय के सामने अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस गरीब और आम नागरिकों के हितों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी तथा भ्रष्टाचार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
बिजली कनेक्शन के नाम पर ₹10 हजार की रिश्वत मांगने का आरोप, कांग्रेस ने सौंपे सबूत; 24 घंटे में कार्रवाई नहीं हुई तो होगा अनिश्चितकालीन धरना









