7 अगस्त से जिले में शुरू होगा मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान, हर शुक्रवार अफसर उतरेंगे मैदान में
जबलपुर। जिले में प्रशासन को अधिक जवाबदेह, संवेदनशील और जनकेंद्रित बनाने के उद्देश्य से 7 अगस्त 2026 से 8 जनवरी 2027 तक मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान संचालित किया जाएगा। अभियान को लेकर शनिवार को कलेक्टर राघवेंद्र सिंह की अध्यक्षता में जनप्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक आयोजित हुई, जिसमें अभियान की विस्तृत कार्ययोजना और प्राथमिकताएं साझा की गईं।
कलेक्टर राघवेंद्र सिंह ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य आमजन से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का मौके पर ही अधिकतम निराकरण सुनिश्चित करना है। इसके साथ ही शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी स्तर पर समीक्षा कर प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बनाया जाएगा।
हर शुक्रवार केवल फील्ड में रहेंगे अधिकारी
अभियान के दौरान प्रत्येक शुक्रवार को कोई बैठक आयोजित नहीं होगी। मुख्यमंत्री, मंत्री, मुख्य सचिव से लेकर कलेक्टर और वरिष्ठ अधिकारी केवल फील्ड भ्रमण करेंगे। भ्रमण से पहले संबंधित क्षेत्र में सीएम हेल्पलाइन, जनसुनवाई और लोक सेवा गारंटी के लंबित प्रकरणों की समीक्षा कर उनके निराकरण की तैयारी की जाएगी, ताकि जनता को मौके पर राहत मिल सके।
संवाद, समाधान और सादगी होगी अभियान की पहचान
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि अभियान संवाद, समाधान, संवेदनशीलता और सादगी के सिद्धांतों पर आधारित रहेगा। कार्यक्रमों में फिजूलखर्ची, अनावश्यक साज-सज्जा और अतिरिक्त खर्च पर रोक रहेगी। अधिकारियों के वाहनों की पूलिंग की जाएगी तथा आम नागरिकों के साथ-साथ एमएसएमई, कुटीर और बड़े उद्योगों के प्रतिनिधियों के साथ भी उद्योग संवाद आयोजित किए जाएंगे।
20 प्रमुख विषयों पर रहेगा विशेष फोकस
अभियान के तहत नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा, किसान फार्मर आईडी, आयुष्मान कार्ड, समग्र ई-केवाईसी, प्रधानमंत्री आवास योजना, जल जीवन मिशन, आंगनवाड़ी, स्वास्थ्य केंद्र, स्कूल-कॉलेज, सार्वजनिक वितरण प्रणाली, खाद-बीज उपलब्धता, कानून व्यवस्था और सामाजिक सुरक्षा पेंशन सहित 20 महत्वपूर्ण जनहित विषयों की जमीनी स्तर पर समीक्षा एवं समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
बैठक में महापौर जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू’, विधायक सुशील तिवारी ‘इंदु’, डॉ. अभिलाष पांडे, संतोष बरकड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष आशा मुकेश गोंटिया, नगर निगम अध्यक्ष रिकुंज विज, जेडीए अध्यक्ष संदीप जैन, नगर भाजपा अध्यक्ष रत्नेश सोनकर, नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक गहलोत, एडीएम नीता राठौर, रविशंकर राय सहित जनप्रतिनिधि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। जिला प्रशासन ने अभियान के सफल संचालन के लिए विस्तृत कार्ययोजना भी प्रस्तुत की।









