जबलपुर में 2 और 3 मई को होगा द्विदिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन, “सर्वम् शक्तिमयम्” थीम पर मंथन
जबलपुर। संस्कारधानी जबलपुर आगामी 2 एवं 3 मई 2026 को एक महत्वपूर्ण अंतरराष्ट्रीय आयोजन का साक्षी बनेगा। त्रिपुरी शोध पीठ एवं महाराष्ट्र इंस्टीट्यूट ऑफ हायर एजुकेशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस द्विदिवसीय अंतरराष्ट्रीय कॉन्फ्रेंस की थीम “सर्वम् शक्तिमयम्” रखी गई है, जिसका मूल भाव है—समस्त सृष्टि शक्ति स्वरूप है।
कॉन्फ्रेंस के संयोजक डॉ. दिलीप सिंह हजारी ने बताया कि यह आयोजन सनातन धर्म की मूल चेतना और शक्ति उपासना की वर्तमान समय में प्रासंगिकता को समाज के समक्ष प्रस्तुत करने का एक महत्वपूर्ण अवसर है।
त्रिपुरी शोध पीठ के संयोजक एवं अध्यक्ष डॉ. नितिन पटेल ने जानकारी दी कि यह संस्था का दूसरा अंतरराष्ट्रीय आयोजन है, जिसमें भारत सहित पांच देशों के शिक्षाविद, शोधकर्ता एवं प्रबुद्धजन सहभागिता करेंगे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मोहन चक्रवैश्य ने कहा कि शक्तिपीठ केवल तीर्थ या पर्यटन स्थल नहीं, बल्कि मानव जीवन के ऊर्जा केंद्र हैं, जो चेतना और आध्यात्मिक ऊर्जा के स्रोत हैं।
आयोजन में ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों माध्यमों से विभिन्न सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें शोधार्थी अपने शोध पत्र प्रस्तुत करेंगे और शक्तिपीठों, सिद्धपीठों तथा शक्ति स्थलों की सामाजिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक प्रासंगिकता पर विमर्श होगा।
संरक्षक नरेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि शक्तिपीठ भारतीय धार्मिक परंपरा में ऊर्जा के ऐसे केंद्र हैं, जिनसे सम्पूर्ण ब्रह्मांड की चेतना संचालित होती है।
इस अवसर पर प्रो. राजेंद्र प्रसाद शर्मा को शक्तिपीठ एवं शक्ति साधना विषय पर विशेष अध्ययन और अनुसंधान के लिए प्रथम त्रिपुरी शोध सम्मान से सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम में स्वामिनी सद्विद्यानंद सरस्वती संत सानिध्य एवं मार्गदर्शन प्रदान करेंगी। साथ ही विवेकानंद केंद्र कन्याकुमारी की सुश्री रचना जानी, प्रो. राजेंद्र शुक्ला, प्रो. जे.एस. दुबे, इंजी. प्रशांत पोल, डॉ. अखिलेश गुमास्ता, डॉ. जितेंद्र जामदार एवं डॉ. विजयकांत कांची विद्वान वक्ता के रूप में उपस्थित रहेंगे।
आयोजन समिति के सदस्य इंद्रजीत चौहान, निखिल शर्मा एवं विनय पटेल ने संस्कारधानीवासियों, शक्ति उपासकों एवं कला प्रेमियों से इस आयोजन में सहभागिता की अपील की है।
जबलपुर में 2 और 3 मई को होगा द्विदिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन, “सर्वम् शक्तिमयम्” थीम पर मंथन
Published On: May 2, 2026 7:14 am

---Advertisement---








