मरू कोकिला सीमा मिश्रा को मिलेगा लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड
जयपुर। राजस्थानी भाषा, कला, संस्कृति, लोक परंपराओं और खानपान को बढ़ावा देने में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 35 राजस्थानी विभूतियों को रीफा अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा। यह भव्य सम्मान समारोह 21 दिसंबर, रविवार को जयपुर के वैशाली नगर स्थित शांति बाग में आयोजित किया जाएगा। आयोजन को लेकर कलाकारों और संस्कृति प्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

रीफा अवार्ड के आयोजक नरेन्द्र सामोता और एस.पी. जोधा ने बताया कि रीफा संस्था पिछले कई वर्षों से राजस्थान की मूल भाषा, लोक संस्कृति, पारंपरिक वेशभूषा और कला को संरक्षित एवं प्रोत्साहित करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। इसी कड़ी में इस वर्ष विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय और समर्पित 35 व्यक्तित्वों को सम्मानित किया जा रहा है, जिन्होंने अपने कार्यों से राजस्थान की सांस्कृतिक पहचान को मजबूती दी है।
इस अवसर पर राजस्थानी लोक संगीत की सुप्रसिद्ध गायिका और मरू कोकिला के नाम से विख्यात सीमा मिश्रा को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान उन्हें राजस्थानी लोक संगीत को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए दिया जा रहा है। समारोह में विजेताओं को सम्मान पूर्व चिकित्सा मंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र सिंह राठौड़ के करकमलों से प्रदान किया जाएगा।
रीफा की सह-आयोजक पायल कुंभज ने बताया कि कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की भी भव्य श्रृंखला होगी। बीकानेर का प्रसिद्ध बियर्ड ग्रुप अपनी विशेष प्रस्तुति देगा, वहीं पद्मश्री से सम्मानित लोक गायक अली गोनी भी मंच पर अपनी गायकी से समां बांधेंगे। इसके साथ ही राजस्थान के इतिहास पर आधारित रानी पद्मावती के जौहर पर केंद्रित नाट्य प्रस्तुति भी दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगी।
कार्यक्रम में बॉलीवुड फिल्म दंगल के चर्चित गीत ‘बापू सेहत के लिए हानिकारक है’ से प्रसिद्ध गायक सरवर सरताज भी जयपुरवासियों को अपनी प्रस्तुति देंगे। आयोजकों के अनुसार यह आयोजन न केवल सम्मान समारोह होगा, बल्कि राजस्थानी संस्कृति, इतिहास और लोक कला का एक जीवंत उत्सव भी बनेगा।










