पुलिस मुख्यालय में स्वच्छ कार्यालय अभियान सफल, डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने स्वयं थामी झाड़ू

---Advertisement---

जयपुर, 16 दिसंबर। राजस्थान सरकार के सफल दो वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मंगलवार को पुलिस मुख्यालय में विशेष स्वच्छ कार्यालय अभियान का आयोजन किया गया। यह अभियान सुबह 10 बजे से 11 बजे तक एक घंटे चला, जिसका उद्देश्य पुलिस मुख्यालय में स्वच्छ, स्वस्थ और अनुशासित कार्य वातावरण को मजबूत करना रहा। अभियान की सबसे खास बात यह रही कि महानिदेशक पुलिस राजीव कुमार शर्मा ने स्वयं अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ झाड़ू उठाकर सफाई कार्य में सक्रिय सहभागिता निभाई।

डीजीपी शर्मा की इस पहल ने पुलिस मुख्यालय के अधिकारियों और कर्मचारियों में नई ऊर्जा और सकारात्मक संदेश का संचार किया। एक घंटे के विशेष स्वच्छता अभियान के बाद डीजीपी ने स्वयं पुलिस मुख्यालय के द्वितीय तल का निरीक्षण किया और स्वच्छता, कार्यालय व्यवस्था तथा अनुशासन का जायजा लिया। उनके इस कदम को नेतृत्व द्वारा उदाहरण प्रस्तुत करने के रूप में देखा गया, जिससे अधीनस्थ अधिकारियों और कर्मचारियों को भी प्रेरणा मिली।

मुख्यालय के अन्य तलों पर स्थित कार्यालय कक्षों के निरीक्षण की जिम्मेदारी विभिन्न वरिष्ठ अधिकारियों को सौंपी गई। ग्राउंड और प्रथम तल का निरीक्षण एडीजी आयोजना, आधुनिकीकरण एवं कल्याण डॉ. प्रशाखा माथुर ने किया। तृतीय तल पर डीजी कानून एवं व्यवस्था संजय अग्रवाल, चतुर्थ तल पर डीजी प्रशिक्षण एवं यातायात अनिल पालीवाल, पांचवें तल पर एडीजी सतर्कता एस. संगाथिर, छठे तल पर एडीजी इंटेलिजेंस प्रफुल्ल कुमार और सातवें तल पर एडीजी पुलिस हाउसिंग भूपेंद्र साहू ने स्वच्छता और कार्यालय प्रबंधन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यालयों की साफ-सफाई के साथ-साथ रिकॉर्ड, फाइलों और कार्यक्षमता का भी आकलन किया गया।

पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार यह स्वच्छता अभियान केवल पीएचक्यू तक सीमित नहीं रहा, बल्कि राज्यभर की सभी पुलिस इकाइयों में अनिवार्य सहभागिता के साथ संचालित किया गया। इस अभियान के माध्यम से पूरे पुलिस बल को स्वच्छ, स्वस्थ और अनुशासित कार्य वातावरण बनाए रखने का स्पष्ट संदेश दिया गया।

कारागार विभाग में भी चला विशेष स्वच्छता अभियान
राज्य सरकार के दो वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर कारागार विभाग में भी मंगलवार को विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। महानिदेशक कारागार अशोक कुमार राठौड़ के निर्देश पर राजस्थान की सभी जेलों में अधिकारियों और कार्मिकों ने श्रमदान कर कार्यालयों और परिसरों की साफ-सफाई की। जयपुर स्थित कारागार मुख्यालय में यह अभियान उपमहानिरीक्षक मोनिका अग्रवाल, अधीक्षक महेश चंद बैरवा और उपाधीक्षक एवं नोडल अधिकारी रमाकांत शर्मा की देखरेख में सम्पन्न हुआ। अभियान के दौरान कार्यालय कक्षों, अंदरूनी-बाहरी अहातों, पत्रावलियों और कार्यालय सामग्री की गहन साफ-सफाई सुनिश्चित की गई।

यह स्वच्छता अभियान राज्य सरकार की सुशासन और कार्य संस्कृति को मजबूत करने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जिसमें प्रशासनिक नेतृत्व स्वयं आगे आकर जिम्मेदारी निभाता नजर आया।

WhatsApp Group Join Now
Telegram Group Join Now

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Comment