( उजला दर्पण सीनियर रिपोर्टर रामगोपाल सिंह )
भोपाल राजधानी भोपाल में भोज यूनिवर्सिटी के तत्कालीन निदेशक प्रवीण जैन और रजिस्ट्रार सहित अन्य कर्मचारियों पर आर्थिक अपराध शाखा ने धोखाधड़ी और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों के तहत कार्रवाई की है। EOW के डीजी उपेंद्र जैन के अनुसार, यह मामला डॉ. हरि सिंह गौर सेंट्रल यूनिवर्सिटी के सुधाकर सिंह राजपूत की शिकायत पर दर्ज किया गया। शिकायत में कहा गया है कि प्रवीण जैन ने 2013 से 2014 के दौरान अपने निदेशक और रजिस्ट्रार के पद का दुरुपयोग करते हुए अनुबंध और दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों को नियम-विरुद्ध तरीके से स्थायी किया। आरोप है कि प्रवीण जैन ने अपने कार्यकाल के दौरान 66 कर्मचारियों को नियमित किया, जिनमें कंप्यूटर ऑपरेटर, लिपिक, चपरासी, ड्राइवर, तकनीकी स्टाफ और असिस्टेंट प्रोफेसर जैसे पद शामिल हैं। यह नियुक्तियां बिना उचित प्रक्रिया और नियमों का पालन किए की गईं। EOW ने इस मामले में धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात और भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है।












