(उजला दर्पण सीनियर रिपोर्टर रामगोपाल सिंह उईके)
भोपाल। राखी के पावन दिन पर, जब बहनें भाइयों की सुरक्षा की कामना कर रही थीं, उसी समय कुछ सच्चे रक्षकों ने अपनी जान जोखिम में डालकर एक अनमोल जिंदगी बचा ली।
भोपाल के भदभदा पुल से एक महिला ने छलांग लगा दी। हालात गंभीर थे, पानी गहरा था, लेकिन भोज विहार पार्क के चौकीदार अनिल राय, पुलिस विभाग के हेड कांस्टेबल रघुनाथ वर्मा, आरक्षक बलराम नागपुरे और आरक्षक मनोहर बामनिया ने बिना देर किए तालाब में कूदकर महिला को बाहर निकाल लिया।
वहीं, आसपास मौजूद महिलाओं ने तुरंत अपनी चुन्नियां जोड़कर 10–15 चुन्नियों की एक रस्सी बनाई और पुल से नीचे लटकाई, जिससे महिला को सहारा मिला और उसे सुरक्षित ऊपर लाया जा सका।
इस साहस और सेवा भावना को देखते हुए पर्यावरण संस्कृति संरक्षण और मानव कल्याण ट्रस्ट के अध्यक्ष सुशील कुमार जैन ने राखी पर्व पर सभी रक्षकों को सम्मानित किया। इस अवसर पर एडीजी मलय जैन, डीआईजी विनीत कपूर और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
टीटी नगर एसीपी अंकिता खातरकर ने भी चौकीदार अनिल राय को मेडल और पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
यह घटना दिखाती है कि राखी का सच्चा अर्थ केवल कलाई पर धागा बांधना नहीं, बल्कि किसी की रक्षा के लिए हर पल तैयार रहना है — चाहे वह अपना हो या अनजान।












