जयपुर, पाक विस्थापितों के हक-हकूक एवं मांगों को लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की संवेदनशीलता के चलते एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में जयपुर जिला प्रशासन पाक विस्थापितों को नियम एवं पात्रता अनुसार भारतीय नागरिकता प्रदान कर रहा है। इसी संवेदनशीलता के तहत गुरुवार को 6 पाक विस्थापितों को भारतीय नागरिकता प्राप्त हुई।
कलक्ट्रेट में जिला कलेक्टर प्रकाश राजपुरोहित के निर्देश पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर (दक्षिण) शैफाली कुशवाहा ने कविता बाई, निर्मलदास, शभागु मल, पूरी बाई, मुकेश लाल एवं शंकरलाल सहित 6 पाक विस्थापितों को भारतीय नागरिकता प्रमाण पत्र सौंपे। जयपुर जिला प्रशासन द्वारा अब तक कुल 325 पाक विस्थापितों को भारतीय नागरिकता प्रदान की जा चुकी है।
नागरिकता प्रमाण पत्र मिलने पर शंकरलाल की आंखें छलक आईं। शंकरलाल ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का आभार जताते हुए कहा, “आज कई सालों का लंबा इंतजार खत्म हुआ है और आज हम फक्र के साथ कह सकते हैं कि हम भारतीय हैं। नागरिकता का प्रमाण नहीं होने के कारण सरकारी योजनाओं का लाभ भी हमें नहीं मिल पा रहा था, लेकिन अब भारतीय नागरिकता मिलने के बाद ना केवल हमें पहचान मिली है बल्कि अब सरकारी योजनाओं की मदद से हम अपने परिवार का भरण पोषण बेहतर तरीके से कर पाएंगे।”
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की इस संवेदनशीलता और प्रयासों के चलते पाक विस्थापितों को उनके हक मिल रहे हैं और उनके जीवन में नई उम्मीदें और खुशियां आ रही हैं।










